काशीपुर: तेंदुए के निशाने पर था बच्चा, कुत्ते के बीच में आने से बच गई जान, दहशत में लोग
- राधेहरि पीजी कॉलेज परिसर में तेंदुए की धमक से दहशत
- वन विभाग की टीम ने लगाए कैमरे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
काशीपुर में कुत्ते के बीच में आने से एक बालक तेंदुए का शिकार बनने से बाल-बाल बच गया। सूचना पर वन विभाग की टीम ने कॉलेज में कैमरे लगा दिए हैं। तेंदुए की धमक से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
बाजपुर रोड स्थित राधेहरि पीजी कॉलेज परिसर में बने आवासों में प्रवक्ताओं सहित कई चतुर्थ श्रेणी कर्मी रहते हैं। कॉलेज मैदान के पास झाड़ियों में चार दिनों से तेंदुआ देखा जा रहा है। कर्मियों ने वन विभाग को इसकी सूचना भी दी थी। बुधवार की शाम चतुर्थ श्रेणी कर्मी दीपक पारसी का 12 वर्षीय पुत्र घर की ओर जा रहा था।
आवास के कुछ दूरी पर तेंदुआ बच्चे पर झपटा लेकिन बीच में एक कुत्ता आ गया। तेंदुआ उसे छोड़कर कुत्ते का पीछा करने लगा। दीपक के बेटे ने भी शोर करते हुए घर की ओर दौड़ लगा दी। इस बीच दूसरे चतुर्थ श्रेणी कर्मी के बेटे ने झाड़ियों में घात लगाए बैठे तेंदुए की फोटो खींच ली।
प्रवक्ता डॉ. महीपाल सिंह ने बताया कि परिसर में चार दिनों से तेंदुआ घूम रहा है। वन विभाग को भी सूचना दे दी गई है, लेकिन कोई तेंदुए को पकड़ने नहीं पहुंचा है। इधर, रेंजर अभिलाष वीर सक्सेना ने बताया कि फोटो में तेंदुए की पहचान नहीं हो रही है।
फिर भी तीन दिन से रोज कॉलेज में गश्त की जा रही है। परिसर में वन्य जीव की पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए दो कैमरे लगाने के लिए टीम भेजी गई है। बृहस्पतिवार को टीम ने मौके पर कैमरे लगा दिए हैं।