Dehradun: भू-माफिया की दादागिरी, फर्जी पॉवर ऑफ अटॉर्नी से बेच दी महिला की पैतृक जमीन
यह फर्जीवाड़ा भी सहारनपुर के केपी सिंह के गिरोह ने किया है। केपी सिंह का नाम रजिस्ट्रार कार्यालय में हुई गड़बड़ी में सामने आया है, जो इस वक्त पुराने मामले में जमानत तुड़वाकर सहारनपुर जेल पहुंच गया है।
विस्तार
भू-माफिया ने फर्जी पॉवर ऑफ अटॉर्नी बनाकर महिला की पैतृक जमीन बेच डाली। महिला को इसका पता चला तो उन्होंने सहारनपुर में मुकदमा दर्ज कराया। लेकिन, माफिया बाज नहीं आए। उन्होंने इस जमीन का एक हिस्सा बेच दिया और बाकी की लीज डीड बना ली। अब महिला की शिकायत पर पटेलनगर पुलिस ने 21 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह फर्जीवाड़ा भी सहारनपुर के केपी सिंह के गिरोह ने किया है। केपी सिंह का नाम रजिस्ट्रार कार्यालय में हुई गड़बड़ी में सामने आया है, जो इस वक्त पुराने मामले में जमानत तुड़वाकर सहारनपुर जेल पहुंच गया है। इंस्पेक्टर पटेलनगर सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि इस प्रकरण में शीतल मंड निवासी माजरा ने शिकायत की है। उनकी शिमला बाईपास तिराहे के पास पैतृक संपत्ति है। इस संपत्ति को उनके पिता ने 75 साल पहले खरीदा था। उनकी मौत के बाद यह संपत्ति उनकी माता के नाम हो गई। इसकी शीतल अकेली वारिस हैं।
Joshimath Landslide: भू-धंसाव वाले क्षेत्र में फिर सुनाई देने लगी घरों की नीचे पानी बहने की आवाज, दहशत में लोग
गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद भी जारी रखा फर्जीवाड़ा
शीतल ने बताया कि पिछले दिनों पता चला कि उनकी इस संपत्ति की फर्जी पॉवर ऑफ अटॉर्नी नकुड़ सहारनपुर में बनाई गई है। जबकि, उनकी माता कभी नकुड़ गई ही नहीं। ऐसे में उन्होंने भजन सिंह उर्फ हरभजन सिंह, प्रकाश सिंह और गुरदीप सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इस मुकदमे में तीनों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी भी हुए। मुकदमा दर्ज करने के बाद भी आरोपी बाज नहीं आए। उन्होंने इस जमीन के अगले हिस्से की फर्जी पॉवर ऑफ अटॉर्नी के माध्यम से रजिस्ट्री कर दी। जबकि, पिछले हिस्से की 29 साल की लीज डीड बना ली। इसके बाद जिस संपत्ति की लीज डीड थी उसे गिफ्ट डीड के माध्यम से बेच डाला।
केपी सिंह का बेटा और पिता भी आरोपी
शीतल मंड के अनुसार इस संपत्ति को बेचने का काम भी केपी सिंह के गिरोह ने किया है। इसमें उसके पिता बलवीर सिंह और बेटा भी शामिल है। जबकि, उसके गिरोह में शाहनवाज गौरी, सुखविंदर सिंह, दिलीप सिंह, कुलवंत सिंह, भजन सिंह, गुरप्रीत सिंह, प्रकाश सिंह, कुलवीर सिंह, तरुण कुमार, रविन्द्र सिंह, चाप सिंह, इमरान, रवि कोहली, शमशाद अली, समीर कामयाब, किशन कुमार कश्यप, मधुबाला, पिशोरी लाल आदि शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लुधियाना के व्यक्ति के नाम पर बनाई फर्जी पॉवर ऑफ अटॉर्नी
आरोपियों ने इस संपत्ति की पॉवर ऑफ अटॉर्नी लुधियाना के व्यक्ति के नाम पर बनाई है। जबकि, जिसे गिफ्ट और लीज डीड दी वह नानकमत्ता ऊधमसिंहनगर का रहने वाला है। इसके बारे में जब पता किया गया तो मालूम हुआ कि सेल डीड में दिखाए गए सारे पते और बैंक खाते फर्जी हैं। इनमें न कभी पैसा गया और न ही इस तरह से किसी को कोई सौदा किया गया। सारा काम फर्जी तरीके से किया गया।