कांवड़ मेला: सात फीट से ऊंची कांवड़ ले जाने पर रोक, कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से होगी पुष्प वर्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में कांवड़ मेले की तैयारियों में जुटी प्रदेश सरकार ने इस बार मेले को यादगार बनाने के लिए यूपी सरकार की तर्ज पर कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कराने का निर्णय लिया है। कांवड़ियों को यात्रा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो इसके लिए अधिकारियों को प्रभावी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस साल कांवड़ यात्रा 17 जुलाई से शुरू होनी है। यात्रा शुरू होने से पहले सरकार सभी तैयारियां पूरी कर देना चाहती है। बुधवार को कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने सीसीआर सभागार में कांवड़ मेले की तैयारियों के संबंध में सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में उन्होंने कहा कि इस बार हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा करके कांवड़ श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरकी पैड़ी के अलावा दूसरे प्रदेशों से यात्रियों के आने वाले रूटों पर पुष्प वर्षा की जाएगी। पुष्प वर्षा कई दिन होगी।
गंगा घाटों पर भी चाक चौबंद हो व्यवस्था
उन्होंने कांवड़ मेले के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए हिल बाईपास को खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि कांवड़ पटरी पर पथ प्रकाश, पेयजल, शौचालय और चिकित्सा की व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि कांवड़ पटरी पर पैदल लौटने वाले कांवड़ यात्रियों को किसी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मेले के दौरान गंगा घाटों की सफाई, हरकी पैड़ी सहित हरिद्वार नगर में पालीथिन का प्रयोग प्रतिबंधित करने, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने व उनकी रेट लिस्ट प्रतिष्ठानों पर लगाना सुनिश्चित करने को कहा।
सात फीट से ज्यादा ऊंची कांवड़ पर लगाएं रोक
बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान सात फीट से ऊंची कांवड़ नहीं चलने दी जाए। उन्होंने कहा कि ऊंची कांवड़ के बिजली की तारों से टकराने से दुर्घटना की आंशका बनी रहती है। इसलिए बाहरी प्रदेशों से ऐसी कांवड़ को रोका जाए और हरिद्वार में इनके बनने पर रोक लगाएं। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण की धीमी गति पर आक्रोश जाहिर करते हुए एनएच के अधिकारियों को फटकार भी लगाई।
उन्होंने जीआरपी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान चलने वाली ट्रेनों का प्लेटफार्म नंबर, समय आदि किसी भी प्रकार की सूचना समय से प्रचारित प्रसारित की जाए। अचानक किए जाने वाले परिवर्तन से रेलवे सेवा का प्रयोग करने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ता है और माहौल खराब होता है। बैठक में जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी ने बताया कि सभी विभाग कांवड़ मेला संपन्न कराने के लिए तैयार हैं।
कांवड़ क्षेत्र को प्रशासनिक दृष्टि से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में बांट कर दायित्व सौंपे गए हैं। सभी विभागों को उनके कार्य पूर्ण करने की समय सीमा निर्धारित करने के लिए निर्देशित किया जा चुका है।