इंडिगो एयरलाइंस के पायलट पर पत्नी का इनकम टैक्स डाटा हैक करने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंडिगो एयरलाइंस के पायलट के खिलाफ उसकी पत्नी ने आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि पायलट ने पत्नी के आयकर का प्रोफाइल डाटा हैक कर लिया है। पति-पत्नी अलग रहते हैं और वर्तमान में उनका एक वाद परिवार न्यायालय में भी चल रहा है।
आरोप है कि इस दौरान पायलट ने पत्नी के दस्तावेजों का गलत तरीके से इस्तेमाल किया और उसकी जरूरी जानकारियों को भी बदल दिया। जानकारी के अनुसार राजपुर ओक हिल एस्टेट निवासी सेवानिवृत्त मेजर जनरल शम्मी सभरवाल की बेटी सोनम सभरवाल की शादी 2015 में नोएडा के शौर्य शर्मा के साथ हुई थी।
शौर्य शर्मा इंडिगो एयरलाइन में पायलट हैं और एंपरर-1, 704 सुपरटेक एमराल्ड में रहते हैं। साल 2017 में शौर्य ने सोनम को अपने घर से निकाल दिया था। तब से वे अपने पिता के साथ रह रहीं हैं। उन्होंने शौर्य पर खर्च के लिए दावा भी किया हुआ है, जिसका वाद देहरादून परिवार न्यायालय में विचाराधीन है।
बुधवार शाम सोनम ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने आयकर स्टेटस देखा तो पता चला कि उनका प्रोफाइल बदल दिया गया है। इस बीच उन्हें ध्यान आया कि आयकर रिटर्न के मूल दस्तावेज नोएडा में शौर्य के पास हैं।
उन्होंने शौर्य पर आरोप लगाया है कि उन्होंने ही प्रोफाइल डाटा हैक कर सारी जानकारियां जैसे ई-मेल, मोबाइल नंबर आदि बदल दिए हैं। थानाध्यक्ष राजपुर अरविंद कुमार ने बताया कि सोनम की तहरीर पर शौर्य शर्मा के खिलाफ 66 सी सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसकी विवेचना शुरू कर दी गई और जल्द ही पायलट शौर्य शर्मा को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा जाएगा।