राष्ट्रीय खिलाड़ी महिपाल सिंह राणा की डेंगू से मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डेंगू का संकट अभी टला नहीं है। उत्तराखंड पुलिस के सिपाही और वॉलीबाल के राष्ट्रीय खिलाड़ी महिपाल सिंह राणा (32) की दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में मंगलवार रात इलाज के दौरान डेंगू से मौत हो गई।
डेंगू से अब तक प्रदेश के सात लोगों की जान जा चुकी है। इनमें पांच कुमाऊं और दो देहरादून के थे। वहीं, बनबसा के मीना बाजार निवासी सेना के रिटायर्ड हवलदार जंग बहादुर थापा की पत्नी राधा थापा (42) में भी डेंगू की पुष्टि हुई है।
खटीमा के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के बाद जब उसका स्वास्थ्य नहीं सुधरा तो थापा अपनी पत्नी को बरेली के राममूर्ति अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उनको डेंगू होने की पुष्टि की।
ऊधमसिंह नगर जिले में सितारगंज के गौरीखेड़ा निवासी महिपाल सिंह राणा (32) ने एक अक्तूबर को बेस अस्पताल में जांच कराई थी। जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी। डॉक्टरों ने उन्हें राममूर्ति अस्पताल बरेली रेफर कर दिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल ले गए।
अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार रात महिपाल की मौत हो गई। परिजन शव लेकर सितारगंज आ गए हैं। महिपाल की दो बेटियां रितिका (06) और डेकू (3) हैं। जिला पुलिस की तरफ से गारद ने घर जाकर महिपाल को अंतिम सलामी दी।
ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिता में किया था बेहतरीन प्रदर्शन
महिपाल तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। एसएसआई इंदर सिंह राणा और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मुकेश पाल ने बताया कि महिपाल ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन कर चुके हैं। महिपाल का खेल कोटे से वर्ष 2008 में पुलिस में चयन हुआ था।
उन्होंने 2008 से 2012 तक वॉलीबाल में राज्य पुलिस टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए नेशनल स्तर की तमाम प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया और राज्य पुलिस का परचम लहराया। जालंधर में ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिता के दौरान महिपाल के प्रदर्शन को विशेष रूप से सराहा गया था। घुटने में चोट लगने के कारण महिपाल को टीम से अलग होना पड़ा और उसे हल्द्वानी थाने में सिपाही के पद पर तैनाती दी गई।
इस बीच, बुधवार को एसटीएच में डेंगू के आठ नए रोगी भर्ती कराए गए हैं। इनमें उजाला नगर हल्द्वानी निवासी मो. जुएब (19), रुद्रपुर निवासी अर्वेश (28), मानपुर उत्तर हल्द्वानी निवासी शेखर बिष्ट (17), रामपुर यूपी निवासी असलम (30), रामपुर यूपी निवासी पुष्पा (45), जीतपुर नेगी हल्द्वानी निवासी हरीश आर्य (30), रुद्रपुर निवासी मो. रफीक (32), जीतपुर हल्द्वानी निवासी सावित्री (32) शामिल हैं।