देहरादून: सीएमआई अस्पताल और ऋषिकेश में आयकर के छापे, दस्तावेज कब्जे में लिए
आयकर विभाग ने मंगलवार को दून और ऋषिकेश में छापेमारी की। दून में सीएमआई अस्पताल जबकि ऋषिकेश में तिरुपति ट्रेडर्स में छापेमारी की गई। टीम ने दोनों जगह आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक जांच जारी थी। आयकर की छापेमारी से दोनों जगह दिनभर हड़कंप की स्थिति रही।
आयकर विभाग ने करीब दो सप्ताह पहले राज्य में छापेमारी के संकेत दिए थे। प्रधान आयकर आयुक्त सुमति श्रीवास्तव के निर्देशन में मंगलवार को विभाग की दो टीम गठित की गईं।
एक टीम सुबह 11 बजे ज्वाइंट कमिश्नर भोपाल सिंह के नेतृत्व में सीएमआई अस्पताल जबकि दूसरी टीम ऋषिकेश में तिरुपति ट्रेडर्स के यहां पहुंची और जांच शुरू की। सुरक्षा के लिए सीएमआई अस्पताल में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
कार्रवाई के दौरान आयकर अधिकारियों ने सीएमआई में भर्ती मरीजों की संख्या, उनके जमा कराए गए पैसों के साथ ही अस्पताल पर किए जाने वाले खर्च, कर्मचारियों को दिए जाने वाले वेतन से संबधित जानकारी एकत्रित की। इसके बाद उनका मिलान किया जा रहा है।
उधर, ऋषिकेश में असिस्टेंट कमिश्नर वैभव विकास गोयल के नेतृत्व में तिरुपति ट्रेडर्स में भी छापेमारी की गई। तिरुपति ट्रेडर्स के दफ्तर तथा मालिक आशीष गुप्ता के यहां छापेमारी की कार्रवाईचल रही थी।
यहां भी टीम ने आय-व्यय से संबंधित आवश्यक दस्तावेज कब्जे में लिए हैं और उनका मिलान किया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक दोनों स्थानों पर कार्रवाई जारी रही। आयकर अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान आयकर चोरी साबित होने के बाद दोनों मामलों में उन्हें जुर्माना जमा करने का मौका दिया जाएगा।
जुर्माना जमा करने के बाद इस मामले को यहीं समाप्त किया जा सकता है। ऐसा नहीं होने पर इस मामले में आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान दोनों संस्थानों से कर्मचारियों को बाहर नहीं जाने दिया गया।