इनसे सीखें : हिमांशु ने शुरू किया प्राइड ऑफ हिमालया से स्टार्ट अप, बने पांच सौ से अधिक ग्राहक
- पिथौरागढ़ में डेढ़ करोड़ की लागत से चाय फैक्ट्री लगाने की योजना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुड़गांव की बहुराष्ट्रीय कंपनी में कार्य करने वाले जाजरदेवल निवासी हिमांशु जोशी ने नौकरी छोड़ प्राइड ऑफ हिमालया नाम से चाय का नया स्टार्ट अप शुरू किया है। पिछले छह माह के अंदर ही उनकी ग्रीन टी के पांच सौ से अधिक ग्राहक बन गए हैं।
हिमांशु का कहना है कि शीघ्र ही औद्योगिक क्षेत्र में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से चाय की फैक्ट्री लगाने की योजना है। इस संबंध में उद्योग विभाग से उनकी वार्ता चल रही है।
हिमांशु जोशी ने बताया कि प्राइड ऑफ हिमालया नाम से ग्रीन टी की पैकेजिंग कर बाजार में उतार दिया है। इसमें राम तुलसी, श्याम, वन तुलसी, लेमन ग्रास और स्टीविया को मिलाया गया है। ग्रीन टी के अलावा शीघ्र ही क्लासिकल हर्बल टी, फ्रूट हर्ब्स टी, आर्थोडॉक्स ब्लैक टी की भी पैकेजिंग की जाएगी।
किसानों को दिला रहे प्रशिक्षण
बताया कि इनसे ही 50 अलग-अलग स्वाद वाली चाय बाजार में उतारी जाएगी। चाय की पत्तियां वह उत्तराखंड टी बोर्ड से मंगा रहे हैं। उन्होंने मुनस्यारी के वसंतकोट समेत कई अन्य गांवों के किसानों से संपर्क कर उन्हें तुलसी उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया। किसानों से उन्होंने 20 क्विंटल तुलसी की पत्तियां खरीदीं। साथ ही 20 क्विंटल बुरांश का ऑर्डर भी उन्होंने किसानों को दिया है।
अल्मोड़ा के पहाड़पानी, जागेश्वर, धौलादेवी, दन्यां में भी उन्होंने किसानों को तुलसी, लेमनग्रास, अदरक की खेती करने को प्रोत्साहित किया है। हिमांशु ने बताया कि वह किसानों को जैविक खेती के बारे में जानकारी दे रहे हैं। इसके लिए पंतनगर के वैज्ञानिकों का भी सहयोग लिया जा रहा है। शुरुआती चरण में करीब 250 किसान उनसे जुड़ चुके हैं। 12 युवाओं को चाय के विपणन और अन्य कार्यों में रोजगार मुहैया कराया है।
नगर के लिंक रोड में प्राइड ऑफ हिमालया से स्टार्ट अप शुरू करने वाले युवा हिमांशु जोशी की योजना भविष्य में उत्तराखंड में चाय की चेन खोलने की है। उन्होंने बताया कि लोगों के स्वास्थ्य के अनुरूप विभिन्न स्वाद की चाय उपलब्ध कराई जाएगी।