चेतावनी के निशान से ऊपर बह रही गंगा, हाई अलर्ट जारी
पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश के बाद गंगा चेतावनी के निशान 293 मीटर से करीब आधा मीटर ऊपर बह रही है। अधिक सिल्ट आने से गंगनहर में पानी का डिस्चार्ज कम कर दिया है।
पिछले दो दिनों से पहाड़ों में बारिश हो रही है। बुधवार सुबह से गंगा का जलस्तर बढ़ने लगा था। गंगा का जलस्तर दोपहर में चेतावनी के निशान 293 मीटर से बढ़कर 293.50 मीटर तक पहुंच गया था। पांच बजे जलस्तर में कमी आई और घटकर 293.35 मीटर हो गया।
हालांकि गंगा अभी खतरे के निशान 294 मीटर से नीचे ही बह रही है। इसके अलावा गंगा की सहायक नदियां सोलानी और रतमऊ उफान पर रही।
गंगा के जलस्तर पर नजर गढ़ाए है आपदा प्रबंधन
गंगा और सहायक नदियों के किनारे पर बसे लोगों को बिना सूचना के कैंचमेंट क्षेत्र में आने से आगाह किया है। वहीं गंगा में अधिक सिल्ट आने से गंगनहर में पानी का डिस्चार्ज कम कर दिया है।
आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा कैंतुरा ने बताया कि यदि सिल्ट कम नहीं हुई तो गंगनहर को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गंगा के जलस्तर पर नजर रखे हुए हैं। यदि जलस्तर बढ़ता है तो आसपास के क्षेत्र में बसे लोगों को हटवाया जाएगा।