रावत बोले, नियति में हथकड़ी लगना है तो मैं तैयार, समन से इनकार
- रावत ने सीबीआई का समन मिलने से किया इनकार
- कहा, सुप्रीम कोर्ट को प्री-जज करना चाहता है केंद्र
- केंद्र पर सीबीआई के जरिये फ्लोर टेस्ट से बचने का लगाया आरोप
- भाजपा पर कांग्रेस के विधायकों की खरीद फरोख्त का भी आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने स्टिंग मामले में सीबीआई का समन मिलने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि अगर नियति में हथकड़ी लगनी लिखी है तो वह इसके लिए तैयार हैं। बृहस्पतिवार को बीजापुर गेस्ट हाउस में मीडिया से मुखातिब रावत ने सीबीआई को भी कटघरे में खड़ा किया। रावत ने कहा कि उन्हें मिल रही जानकारी के मुताबिक सोमवार को उन्हें दिल्ली तलब किया गया है। ऐसा है तो यह साफ तौर पर सुप्रीम कोर्ट के फ्लोर टेस्ट से संबंधित मामले को प्रभावित करने की कोशिश है।
रावत ने कहा कि ऐसा लगता है कि केंद्र सरकार सुप्रीम कोर्ट को प्री जज (फैसला आने से पहले फैसला) करना चाहती है। प्रदेश में राष्ट्रपति शासन और सीडी प्रकरण सर्वोच्च न्यायालय में है।
अब तक जो सर्वोच्च न्यायालय का रुख रहा है, उससे जाहिर है कि जल्द ही सदन में बहुमत साबित करने की स्थिति बनेगी। ऐसे में सीबीआई के इस कदम से साबित हो रहा है कि यह अदालत के फैसले को प्रभावित करने की कोशिश है।
फ्लोर टेस्ट के बाद समन भेजते तो करते हर सहयोग
रावत ने समन मिलने से इनकार किया और कहा कि समन मिलेगा तो इसके साथ ही उन्हें सीडी की मूल प्रति भी मिलेगी। इस सीडी को देखने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह से साफ हो पाएगी।
रावत ने कहा कि वे हथकड़ी पहनने के लिए तैयार है। लेकिन, बेहतर होता सीबीआई सर्वोच्च अदालत में चल रहे मामले का भी संज्ञान लेती। सीबीआई अगर फ्लोर टेस्ट के बाद समन भेजती तो सीबीआई का हर तरह से सहयोग किया जाता। लेकिन, जिस तरह से सीबीआई ने यह मामला उठाया है, उससे सीबीआई की मंशा पर भी सवाल उठ रहे हैं।
रावत ने भाजपा पर कांग्रेस के विधायकों को खरीदने की कोशिश का भी आरोप लगाया। रावत ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेताओं के लिए देहरादून एक तीर्थ की तरह हो गया है। कांग्रेस के विधायकों की कीमत लगाई जा रही है। कांग्रेस के विधायक तो साफ कह रहे हैं कि उन्हें 50 करोड़ रुपये तक ऑफर किए जा रहे हैं।
CBI का नाम MBI (मोदी ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टीगेशन) हो
हरीश रावत को सीबीआई समन से जाहिर हो रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सीबीआई के जरिये प्रदेश में अफरा तफरी का माहौल बनाने की कोशिश में है। सीबीआई भी अब अपना गौरव खो चुकी है। अब तो सीबीआई का नाम बदलकर एमबीआई (मोदी ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टीगेशन) कर दिया जाना चाहिए।
-किशोर उपाध्याय, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष।
भाजपा ने उत्तराखंड को दी तीन चीजें: रावत
मेरी नियति में हथकड़ी लगना है, तो मैं तैयार हूं। फ्लोर टेस्ट के बाद समन भेजते तो हर सहयोग करते। जिस तरह से समन जारी किया, उससे मुझे दुख हो रहा है। भाजपा ने उत्तराखंड को तीन चीजें दी हैं। विधायकों की खरीद फरोख्त, राष्ट्रपति शासन के बाद अब सीबीआई का बेजा इस्तेमाल।
-हरीश रावत, पूर्व मुख्यमंत्री, उत्तराखंड।