हरिद्वार: हरकी पैड़ी के मालवीय घाट पर बजाए अश्लील गाने और अर्द्धनग्न होकर किया डांस, पुलिस ने खदेड़ा
हुड़दंग का वीडियो वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर लोगों की कड़ी नाराजगी जताने के बाद पुलिस को 12 अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करना पड़ा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरिद्वार में हरकी पैड़ी स्थित मालवीय घाट पर शुक्रवार रात कुछ युवकों ने हुड़दंग मचाया। युवकों ने शराब के नशे में डीजे पर अश्लील गीत बजाकर अर्द्धनग्न होकर डांस किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवकों को खदेड़ा।
नगर कोतवाली क्षेत्र के हरकी पैड़ी मालवीय घाट पर शुक्रवार की रात साढ़े 11 बजे करीब 12 से अधिक युवक अर्द्धनग्न होकर डीजे पर नाच रहे थे। बताया जा रहा है कि युवक नशे में धुत थे। युवक अपने साथ ट्राली वाला डीजे लेकर पहुंचे थे। घाट पर ही युवकों ने अश्लील गीत बजाकर जमकर हुड़दंग मचाया। उस वक्त घाट पर काफी काफी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ वहां घूम रहे थे।
कुछ लोगों ने युवकों के हुड़दंग की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को वहां से भगा दिया। युवकों की अराजकता का कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सोशल मीडिया पर हुड़दंग पर कड़ी नाराजगी जताई गई और लोगों ने पुलिस-प्रशासन पर भी सवाल उठाए।
इसके बाद पुलिस को 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करना पड़ा। नगर कोतवाल राजेश शाह ने बताया कि अज्ञात युवकों के खिलाफ आपदा प्रबंध समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी देखी जा रही है।
वायरल हुआ था हुक्का पीने का वीडियो
कुछ दिन पहले हरकी पैड़ी क्षेत्र में किन्नरों का वेश बनाए कुछ युवकों ने हुक्का गुड़गुड़ाया था। इतना ही नहीं यह युवक अश्लील इशारे भी कर रहे थी। लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी। पुलिस ने तब भी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बजाय चेतावनी देकर छोड़ दिया था।
लगातार वायरल हो रहे वीडिया
गंगाघाटों पर अश्लीलता करने, शराब पीने के वीडियो लगातार वायरल हो रहे हैं। चार दिन पहले चौधरी चरण सिंह घाट पर शराब पीने का वीडियो भी वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन युवकों को पकड़ा था। आरोपी युवकों का वाहन सीज कर शांतिभंग की धाराओं में चालान किया गया था।
आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने से गंगा सभा नाराज
गंगा घाटों पर नशा करके हुड़दंग मचाना और अश्लील हरकत करने की बढ़ती घटनाओं पर श्रीगंगा सभा के पदाधिकारियों ने चिंता जताई है। पदाधिकारियों ने एसएसपी से मिलकर आरोपियों के खिलाफ पुलिस की ओर से सख्त कार्रवाई नहीं होने पर भी नाराजगी जताई। एसएसपी ने संबंधित सभी कोतवाली और थाना प्रभारियों को निर्देश जारी किए कि ऐसे लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए।
धर्मनगरी में हरकी पैड़ी क्षेत्र समेत अन्य घाटों पर बाहरी प्रदेशों से आने वाले यात्री हुक्का और शराब पीते हैं। नशे में अश्लीलता करते हुए डांस करते हैं। शुक्रवार की रात हुई घटना के बाद शनिवार को श्रीगंगा सभा का एक प्रतिनिधिमंडल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सेंथिल अवूदई कृष्णराज एस से मिला।
श्रीगंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से यह देखने में आ रहा है कि हरकी पैड़ी क्षेत्र व आसपास के घाटों पर कुछ असामाजिक तत्व अमर्यादित व्यवहार कर रहे हैं। नशीले पदार्थों का भी सेवन किया जा रहा है। यह हमारी तीर्थ की गरिमा के अनुरूप नहीं है। एसएसपी ने आश्वासन देते हुए पुलिस को निर्देश दिया है कि गंगा घाटों पर ऐसे लोगों को चिह्नित किया जाए। इसके लिए सीसीटीवी समेत अन्य माध्यमों का सहारा लिया जाए।