Haridwar News: पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमलाकर मौत के घाट उतारा, शराब पीने को लेकर हुआ था विवाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के शिवगढ़ गांव में शराब के नशे में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शिवगढ़ का जगपाल मजदूरी करता है। वह शराब पीने का भी आदी है। सोमवार की सुबह नौ बजे जगपाल शराब पीकर अपने घर पहुंचा। इस बात को लेकर उसका अपनी पत्नी ममता (35) से विवाद हो गया। बताया जाता है कि तब जगपाल वहां से चला गया था और ममता नाराज होकर चारपाई पर लेट गई। जगपाल कुछ देर बाद फिर से शराब पीकर घर पहुंचा और वहां रखी कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी ममता पर हमला कर दिया। मां पर कुल्हाड़ी से हमला होते देख बच्चों में चीख पुकार मच गई।
बच्चों की चीख पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। लोगों के पहुंचने से पहले आरोपी जगपाल वहां से फरार हो गया। ममता ने मौके पर दम तोड़ दिया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर ममता के मायके वाले लक्सर के गांव महाराजपुर कलां गांव से शिवगढ़ पहुंचे और यहां पर हंगामा शुरू कर दिया। पथरी थानाध्यक्ष अमरचंद शर्मा ने बताया कि हत्यारोपी जगपाल की तलाश में दबिश दी जा रही है। अभी ममता के मायके वालों ने कोई तहरीर नहीं दी है। इसके बाद भी पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बेटी ने दी थी जानकारी
ममता की मां ने बताया कि उसकी बेटी एक सप्ताह पहले मायके महाराजपुर कलां आई थी। उसने बताया था कि जगपाल लगातार शराब पीकर उसके साथ मारपीट कर रहा है। ममता ने बताया था कि जगपाल उसे जान से मारने की कोशिश भी करता है। कई बार उसका गला भी दबा चुका है। कुछ रिश्तेदारों के कहने पर ही उन्होंने अपनी बेटी को वापस ससुराल भेजा था।
विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने लिए नमूने
घटनास्थल पर पहुंची विधि विज्ञान साइंस लैब की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौके से फिंगर प्रिंट व खून समेत कई अन्य नमूने लिए।
मां की आंचल से दूर हुए पांच मासूम
शराब के नशे में जगपाल ने अपने ही पांच बच्चों को उनकी मां के आंचल से दूर कर दिया। मां की मौत हो चुकी और बाप गिरफ्तार होकर जेल चला जाएगा। अब सवाल यह है कि इन मासूमों की देखभाल कौन करेगा।
गांव शिवगढ़ में एक हंसता खेलता परिवार नशे ने बर्बाद कर दिया। बताया जाता है कि जगपाल के नशे का आदी होने के बाद भी ममता किसी तरह से अपने बच्चों का लालन पालन कर रही थीं। ममता की हत्या के बाद गांवों में इसी बात की चर्चा होती रही कि आखिर इनकी परवरिश कौन करेगा।
घटना के बाद जब गांव वाले मौके पर पहुंचे तो ममता के शव के पास उसके पांचों बच्चे रवि (11), दीपांशु (10) कपिल (8), राधिका (5), प्रीति (3) बिलख रहे थे। बड़ा भाई रवि अपने छोटे भाई बहनों को संभालने में जुटा हुआ था।