महाकुंभ 2021: 10 हजार टेस्ट में 33 पुलिसकर्मी मिले पॉजिटिव, 50 फीसदी पुलिस बल कुंभ से वापस
- महाकुंभ के हर बड़े स्नान के बाद कराई गई थी जांच, 50 फीसदी पुलिस बल कुंभ से वापस
विस्तार
महाकुंभ में पुलिसकर्मियों ने भारी जोखिम के बीच काम किया। इस दौरान हर बड़े स्नान के बाद करीब 10 हजार पुलिसकर्मियों की जांच कराई गई। इनमें केवल 33 पुलिसकर्मी ही संक्रमित मिले। इसका कारण एहतियात और वैक्सीन की डबल डोज बताया जा रहा है।
कुंभ से लौटने के बाद बृहस्पतिवार को डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि ड्यूटी में लगाई गई 50 फीसदी फोर्स वापस बुला ली गई है। अब कुंभ भी औपचारिक ही रह गया है। 27 अप्रैल को अखाड़ों के स्नान है उसमें सारे अखाड़े शामिल नहीं होते हैं।
उत्तराखंड में कोरोना: संक्रमित महामंडलेश्वर कपिल देवदास की मौत, बैरागी अखाड़े की छावनियों में हड़कंप
कुंभ के दौरान पुलिस ने पूरे एहतियात के साथ काम किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों में संक्रमण की दर केवल .03 प्रतिशत ही रही। लगभग सभी पुलिसफोर्स को वैक्सीन की डबल डोज लगाई जा चुकी थी। जिन लोगों में लक्षण हैं उन्हें भर्ती कराया जाएगा। बिना लक्षण वालों को घर में रहने की सलाह दी जा रही है।
हरिद्वार कुंभ : कहीं अखाड़े न बन जाएं कोरोना 'सुपर स्प्रेडर', रोजाना 6 से 10 संत मिल रहे संक्रमित
पहले से ज्यादा सख्त होगी : डीजीपी
इस बार कोविड-19 में पिछले साल से ज्यादा पुलिस सख्ती से पेश आएगी इसका उदाहरण महज 21 दिन की कार्रवाई से दिख रहा है। इस दरमियान पुलिस ने कुल सवा लाख चालान काट कर एक करोड़ से अधिक जुर्माना वसूला है। पिछले पूरे एक साल में पुलिस ने कुल 10 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला था। यह एक करोड़ एक महीने का भी नहीं था, लेकिन इस बार यह कहीं अधिक होगा।
पुलिस के 2241 अधिकारियों व जवानों की शुक्रवार को होगी वापसी
महाकुंभ मेला के शाही स्नानों को सकुशल संपन्न कराने के लिए आए उत्तराखंड पुलिस के अधिकारियों व जवानों की वापसी शुक्रवार को होगी। साथ ही राजस्थान पुलिस के होमगार्ड भी वापस जाएंगे। वहीं वापसी से पहले इन लोगों ने परिजनों, रिश्तेदारों व बच्चों के लिए खरीदारी की।
भल्ला कॉलेज के स्टेडियम में बनाई गई अस्थाई कुंभ मेला पुलिस लाइन में बृहस्पतिवार को अपने जिलों में वापसी कराने वाले पुलिसकर्मियों की भारी भीड़ रही। वापसी कराने से पहले इन पुलिसकर्मियों ने मेला क्षेत्र के बाजारों में जाकर खरीदारी की।
आईपीएस अफसरों में मणिकांत मिश्रा, श्वेता चौबे, निवेदिता कुकरेती समेत कुल छह अधिकारी हैं। वहीं 13 निरीक्षक, 185 दरोगा, 22 महिला दरोगा, 111 मुख्य आरक्षी, 1134 आरक्षी, 548 महिला आरक्षी हैं। इसके अलावा राजस्थान पुलिस के 2000 होमगार्ड भी वापसी करेंगे। आगामी शाही स्नान व पर्व स्नान के लिए मेला पुलिस के पास वर्तमान में 55 कंपनियां हैं। इसमें अर्द्धसैनिक बल, यूपी पीएसी, उत्तराखंड पीएसी हैं।
कुंभ मेला आईजी संजय गुंज्याल ने बताया कि सभी पुलिसकर्मियों की वापसी पुलिस लाइन मायापुर से ही होगी। कोई भी सीधे थाना या चौकी से वापसी नहीं कराएगा। रवानगी करने वाले कर्मचारी व अधिकारी यह देख लें कि जितने दिन कर्मियों ने ड्यूटी की है। उसका दैनिक भत्ता भरकर आंकिक कार्यालय में जमा कराएं।