गहरी खाई के ऊपर लटकी बस, 32 यात्रियों की निकली चीख
बीच रास्ते में बस के टायर सड़क से उतकर खाई में लटक गए। इससे बस में मौजूद 32 यात्रियों में चीख पुकार मच गई।
पौड़ी गढ़वाल जनपद में सतपुली के तहसीलदार सुभाष ध्यानी ने बताया कि सोमवार को सैंधार से कोटद्वार की ओर आ रही जीएमओयू की एक बस रीठाखाल कस्बे के निकट पहुंचते ही अनियंत्रित हो गई। बस चालक ने ब्रेक मारे, लेकिन तब भी बस खाई की ओर लटक गई।
बस को लटकते देख यात्रियों ने खिड़की से मारी कूद
बस को खाई की ओर जाते देख बस में सवार 32 सवारियों में चीख पुकार मच गई। बस के चेचिस जमीन पर धंसने के कारण सैकड़ों फीट खाई के ऊपर बस अटक गई।
इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। बस के रुकते ही सवारियों की जान में जान आई। उन्होंने आनन फानन में बस की खिड़की से नीचे कूद मारनी शुरू कर दी। लोगों ने बताया कि अगर बस खाई में गिरती तो बड़ा हादसा हो सकता था।