VDO EXAM: पेपर देखकर छात्रों की बढ़ी परेशानी, 40 प्रश्न हुए रिपीट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाईकोर्ट के आदेश पर दोबारा कराई गई ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (वीडीओ) के 196 पदों की भर्ती परीक्षा में कुछ अभ्यर्थियों के पास आई प्रश्न पुस्तिका की डी व सी सीरीज में करीब 40 प्रश्न रिपीट मिले हैं, जिससे अभ्यर्थी परेशान हैं।
अभ्यर्थियों ने परीक्षा सेंटरों के माध्यम से अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से इसकी शिकायत की है। उत्तराखंड शैक्षिक बेरोजगार संघ ने गड़बड़ी की आशंका जताते हुए मामले की जांच की मांग की है।
उधर, चमोली जिले के कोठियालसैंण सेंटर पर अभ्यर्थियों ने बिना सील वाली प्रश्न पुस्तिका वितरित करने का विरोध किया, जिस पर एसडीएम के माध्यम से अभ्यर्थियों को दूसरी प्रश्न पुस्तिका उपलब्ध कराई गई।
रविवार को प्रदेश में 201 सेंटरों पर सुबह 10 से 12 बजे तक वीडीओ की लिखित परीक्षा आयोजित की गई। कुल 87196 अभ्यर्थियों में से 49651 ने परीक्षा दी, जबकि 37545 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। गढ़वाल मंडल के 125 सेंटरों में 30844 और कुमाऊं के 76 सेंटरों में 18907 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठे।
पूरे प्रदेश में 57 प्रतिशत अभ्यर्थी ही परीक्षा में उपस्थित रहे। उधर, उत्तराखंड शैक्षिक बेरोजगार संघ के संरक्षक कमलेश भट्ट, अर्जुन रावत, रविंद्र, सुनील तिवारी, पदम धीराज, सुनील रावत, संदीप भट्ट, नरेंद्र सिंह, नवीन चौहान, रमेश भट्ट, अरविंद आदि का कहना है कि डी सीरीज की प्रश्न पुस्तिका में प्रश्न संख्या 45, 44, 43, 48, 49, 51, 52, 53, 54, 55 समेत करीब 40 प्रश्नों को रिपीट किया गया।
संघ ने इस प्रकार की लापरवाही की उच्च स्तरीय जांच करने की मांग की है। अभ्यर्थी रश्मि अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने ज्ञान दीप प्राइमरी स्कूल हरिद्वार सेंटर में परीक्षा दी। जिसमें सी सीरीज में 40 से अधिक प्रश्न रिपीट थे। सेंटर के माध्यम से अभ्यर्थियों ने इसकी लिखित शिकायत आयोग को भेजी है।
प्रश्न पुस्तिका की चौथी सीरीज में कुछ प्रश्न रिपीट होने की शिकायत मिली है। प्रिंटिंग की त्रुटि के चलते ऐसा हो सकता है। सभी प्रश्न पुस्तिका में इस प्रकार की गलती नहीं है। आयोग की ओर से सभी सेंटरों को 10 प्रतिशत अतिरिक्त प्रश्न पुस्तिका उपलब्ध कराई गई थी, ताकि किसी प्रश्न पत्र में त्रुटि होने पर उसे बदला जा सके। परीक्षा के दौरान अगर अभ्यर्थी इस गलती को उठाते तो उन्हें दूसरी प्रश्न पुस्तिका दी जाती।
- संतोष बड़ोनी, सचिव, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग