सरकारी नौकरियों का दरवाजा खुलने का इंतजार, 75 हजार पद रिक्त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश की सत्ता पर काबिज भाजपा ने अपने विजन डाक्यूमेंट में एक वादा प्रदेश के बेरोजगारों से भी किया है। इस वादे के अनुसार उसे विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों में रिक्त पदों को छह महीने में भरना है।
वित्त विभाग के आंकड़ों के हिसाब से सरकारी विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों में विभिन्न श्रेणियों के 75 हजार से अधिक पद खाली हैं। इनमें सबसे अधिक 47,615 पद सिर्फ समूह ग श्रेणी के हैं।
राज्य गठन के बाद से अब तक प्रदेश में चार सरकारों का गठन हो चुका है। मगर रिक्त पदों को भरने के मामले में पिछली तीन सरकारों ने नौकरियों की राह देख रहे बेरोजगारों को निराश किया है।
अराजपत्रित श्रेणी के पदों को भरने के लिए सरकार को अलग अधीनस्थ सेवाएं चयन आयोग गठित करने में 14 साल लग गए। चूंकि प्रदेश सरकार ने पार्टी के विजन डाक्यूमेंट को सरकार का नीति पत्र बनाया है, इसलिए उस पर तमाम चुनावी वादों के साथ रिक्त पदों को भरने का वादा पूरा करने का भी दबाव है।
जरूरी पदों को ही भरेगी सरकार
उत्तराखंड सरकार के शासकीय प्रवक्ता मदन कौशिक का कहना है कि अगले दो-तीन महीनों में अधिकतर रिक्त पदों के अधियाचन राज्य लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवाएं चयन आयोग को भेज दिए जाएंगे। सरकार स्वीकृत पदों के सापेक्ष बजटीय प्रावधान करती है। इसलिए खाली पदों को भरने पर वित्तीय बोझ नहीं बढ़ेगा। सरकार अपने वादे को पूरा करने के लिए तेजी से आगे बढ़ रही है।
प्रदेश सरकार उन्हीं रिक्त पदों को भरेगी, जो विभागों के लिए जरूरी होंगे। विभाग के लिए कौन-कौन पद जरूरी हैं, इसे तय करने की जिम्मेदारी पूर्व मुख्य सचिव इंदु कुमार पांडेय की अध्यक्षता में गठित कमेटी को दी गई है।
कमेटी ने विभागाध्यक्षों के साथ दो दौर की बैठक करके पहले चरण की एक्सरसाइज पूरी कर ली है। एक-दो महीनों में समिति विभागीय ढांचे के युक्तिकरण की रिपोर्ट शासन को सौंप देगी।
ऐसे संकेत हैं कि रिक्त पदों के सापेक्ष सरकार स्थायी भर्ती के बजाय अस्थायी व्यवस्था के तौर पर काम चलाएगी। इसके लिए अभी तक चली आ रही आउटसोर्स की नीति पर काम होगा। जैसे-जैसे स्थायी नियुक्ति होगी, अस्थायी पद कम होते जाएंगे। वर्तमान में विभागों में 88123 कर्मचारी अस्थायी तौर पर तैनात हैं, जबकि निगमों-बोर्डों में अस्थायी कर्मियों की संख्या 3762 है।
विभागों में खाली पदों का श्रेणी वार ब्योरा
क 5998 2199
ख 12600 7378
ग 172114 43214
घ 70868 18498
योग 261580 69089
सार्वजनिक उपक्रमों में पदों का ब्योरा
श्रेणी स्वीकृत रिक्त पद
क 848 380
ख 1258 417
ग 18951 4402
घ 9225 820
योग 30282 6019