सरकार को अकेले सीख दे रहे हरिद्वार के ये गुरुजी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकार के दावे भले ही प्राथमिक शिक्षा और स्कूलों की दशा नहीं सुधार पा रहे हों, लेकिन कुछ शिक्षक अपने प्रयासों से सरकारी स्कूलों को आदर्श विद्यालय बनाने में जुटे हैं।
प्राथमिक विद्यालय टाटवाला में कनखल के समाजसेवी की मदद से सभी 91 बच्चों के साथ ही उनके पिता का भी बीमा कराया जा रहा है। दो भोजन माताएं भी इस योजना का लाभ पा सकेंगी। यदि स्कूल में पढ़ने के समय छात्र या उसके पिता के साथ कोई अनहोनी हो जाती है तो बीमा लाभ परिजनों को मिलेगा।
बहादराबाद विकासखंड के गांव टाटवाला के प्राथमिक स्कूल के प्रधानाध्यापक घनश्याम सिंह और सहायक अध्यापक शिवा अग्रवाल ने बताया कि स्कूल के सभी बच्चों और उनके पिता का नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के मार्फत जीवन बीमा कराया जा रहा है।
फिलहाल यह योजना पांच साल तक के लिए बनाई गई है। इस योजना पर खर्च आने वाले करीब 12 हजार रुपए के प्रीमियम की धनराशि कनखल के समाजसेवी हिमांशु शर्मा की ओर से उपलब्ध कराई जा रही है। बच्चों और अभिभावकों को कोई पैसा नहीं देना पड़ेगा।
यह होगा लाभ
बच्चों का बीमा कर रहे कंपनी के अभिकर्ता संजय शर्मा ओर उनके सहयोगी एचएस उप्पल ने बताया कि किसी सरकारी स्कूल के बच्चों का सामूहिक बीमा करने का उनके यहां यह पहला मामला आया है।
सभी बच्चों की पॉलिसी तैयार कर ली गई है। एक दो दिन में ये पॉलिसी बांट दी जाएगी। इसके तहत सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने अथवा चोट के कारण स्थायी विकलांगता की स्थिति में बीमे की राशि परिवार को मुहैया कराने का प्रावधान है।
स्कूल कंप्यूटर का प्रशिक्षण भी
विद्यालय की ओर से गांव के विकास में भी योगदान किया जा रहा है। यहां स्कूल को मदद करने आई कुछ संस्थाओं की ओर से गांव में जहां स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। कंप्यूटर शिक्षा केंद्र और सिलाई कढ़ाई केंद्र का भी संचालन किया जा रहा है।
मै शुरू से ही बच्चों के लिए कुछ करना चाहता था। टाटवाला स्कूल में शिक्षकों की तरफ से किये जा रहे कार्यों के बारे में मुझे जानकारी मिली थी। मैने वहां जाकर माहौल देखा। शिक्षकों से वहां की जरूरतों के बारे में बात की तो इस योजना को आगे बढ़ाया गया।
- हिमांशु शर्मा, समाजसेवी