देहरादून। शहीद दुर्गा मल्ल मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से गढ़ी कैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय गोरखा हिमालयन फेस्टिवल में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां खास आकर्षण रहेंगी। कार्यक्रम में दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। फेस्टिवल में हिमालय क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक खानपान और विविध लोक कलाओं की झलक भी दिखेगी। सोमवार को गोरखाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने पत्रकार वार्ता कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फेस्टिवल के पहले दिन साइक्लोथॉन मिनी रैली के फ्लैग ऑफ से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। ट्रस्ट की अध्यक्ष कमला थापा ने बताया कि यहां सुरकंडा माता और धमिलो पहाड़ फिल्मों के प्रोमो भी प्रदर्शित होंगे। ट्रस्ट की सचिव प्रभा शाह ने बताया कि फेस्टिवल के दूसरे दिन मधुमक्खी पालन व फल संरक्षण विषय पर कार्यशाला आयोजित की जाएगी। वहीं, उत्तराखंड की गौरव बसंती देवी बिष्ट का सम्मान व प्रस्तुति भी होगी। फेस्टिवल के तीसरे दिन सुबह नेचर फोटोग्राफी सत्र और दोपहर में जेपी मैथानी का विशेष सत्र होगा। आयोजन में टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी सहित कई गणमान्य शामिल होंगे। संवाद