बारिश से फिर बंद हुआ यमुनोत्री-गंगोत्री हाईवे, बोल्डर गिरने से वाहनों की आवाजाही ठप
सर्दियों की बारिश भी यमुनोत्री एवं गंगोत्री हाईवे पर भारी पड़ रही है। सोमवार रात से जारी बारिश के चलते ओजरी भूस्खलन फिर सक्रिय होने से यमुनोत्री हाईवे अवरुद्ध हो गया। वैकल्पिक मार्ग भी बदहाल पड़ा है, जबकि धरासू बैंड के पास पहाड़ी से भारी बोल्डर गिरने से यातायात प्रभावित हो रहा है।
बारिश के चलते जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी चरमरा गई है। सोमवार रात से जिले की निचली घाटियों में रुक-रुककर बारिश जारी है। मंगलवार को बीफ गांव में जगत सिंह के बेटे प्रकाश की तबियत अचानक बिगड़ गई।
उन्होंने अस्पताल ले जाने के लिए 108 को बुलाया, लेकिन सड़क अवरुद्ध होने के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। इधर, धरासू बैंड के पास पहाड़ी से बोल्डर गिरने के कारण यातायात बार-बार प्रभावित हो रहा है।
जिला मुख्यालय क्षेत्र में ही कई बार ओवरलोड आदि तकनीकी दिक्कतों के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है। लाइन क्षतिग्रस्त होने से उपला टकनौर क्षेत्र के गांवों में सोमवार रात से ही अंधेरा पसर गया है। जिले की आधी आबादी वाली रवाईं घाटी में भी सोमवार रात से ही विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है। सोमवार रात को जनपद में औसत 30 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बारिश से ओजरी के पास भूस्खलन सक्रिय होने से यमुनोत्री हाईवे अवरुद्ध होने की सूचना है। पूर्व में तैयार किए गए वैकल्पिक मार्ग से वाहनों की आवाजाही कराई जा रही है।
देवेंद्र पटवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उत्तरकाशी।
बारिश से कुछ जगह तकनीकी खराबी आने के कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। राड़ी पार रवाईं घाटी की विद्युत आपूर्ति शीघ्र सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
आरएल रतूड़ी, एसडीओ, ऊर्जा निगम उत्तरकाशी।