देहरादून: दून विश्वविद्यालय की मेस में खाद्य विभाग का छापा, नौ नमूने फेल, मेस संचालक को थमाया नोटिस
सोमवार को दून विवि की अलकनंदा कैंटीन के खाने कीड़े मिले थे। इतना ही नहीं सब्जी में लोहे के नट-बोल्ट भी पड़े मिले। इससे गुस्साए छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। देर रात विवि की वाइस चांसलर के आवास का घेराव कर जमकर नारेबाजी की।
विस्तार
दून विश्वविद्यालय की मेस में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने छापा मारा। इस दौरान नौ खाद्य पदार्थों के नमूने फेल हो गए। इस पर विभाग ने मेस संचालक को नोटिस थमाया है।
गौरतलब है कि सोमवार को दून विवि की अलकनंदा कैंटीन के खाने कीड़े मिले थे। इतना ही नहीं सब्जी में लोहे के नट-बोल्ट भी पड़े मिले। इससे गुस्साए छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। देर रात विवि की वाइस चांसलर के आवास का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन के बाद वीसी ने मामले को लेकर छात्रों को आश्वासन दिया। इसके बाद छात्र शांत हुए।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को विवि की अलकनंदा कैंटीन और गेस्ट हाउस कैंटीन समेत अलग-अलग कैंटीन में छापा मारा। इस दौरान कई कमियां सामने आईं। टीम ने खाद्य सामग्रियों के 54 नमूने लिए। मौके पर जांच में नौ नमूने फेल हो गए। इस पर खाद्य की टीम ने फौरन मेस संचालक को नोटिस भेजकर जवाब तलब किया है।
अधिकारियों के मुताबिक मेस में जहां पर खाना बनता है वहां की खिड़कियों में जाली भी नहीं थी। इससे कीड़े अंदर आ जाते हैं। इससे विवि प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
तीन दिन पहले भी दिया था नोटिस
जानकारी के मुताबिक खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से तीन दिन पहले भी मेस संचालक को नोटिस देकर चेताया गया था। इसके बाद भी उसकी ओर से व्यवस्था नहीं सुधारी गई। उधर विवि का भी दावा है जल्द ही कैंटीन का टेंडर बदला जाएगा। इसकी जगह पर किसी दूसरी कंपनी को कैंटीन का संचालन सौंपा जाएगा।
खाद्य प्रतिष्ठानों में मिलीं कमियां, नोटिस जारी
देहरादून। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने नंदा की चौकी, सुद्धोवाला, हरबर्टपुर और धर्मावाला क्षेत्र में स्थित खाद्य दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान कई कमियां सामने आई हैं। विभाग की टीम ने अलग-अलग दुकानों से 104 सैंपल लिए। इनमें से 23 नमूने जांच में फेल हो गए। कारोबारियों को नोटिस जारी किया गया है। इस दौरान उपायुक्त सचल विश्लेषणशाला वीरेन्द्र बिष्ट, संतोष कुमार सिंह, रमेश सिंह, संजय तिवारी और जितेंद्र भंडारी आदि मौजूद रहे।
खाद्य की टीम ने जांच के बाद नौ नमूने गड़बड़ पाए हैं। संबंधित मेस संचालक को नोटिस जारी कर सख्त चेतावनी दी गई है। इस तरह के मामलों के प्रति विभाग संवेदनशील है।
- मनीष सयाना, सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा विभाग