बिना पासपोर्ट-वीजा के दिल्ली से नेपाल जा रहे पांच संदिग्ध लोगों को पकड़ा, चीनी नागरिक होने का अंदेशा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली से नेपाल जा रहे पांच संदिग्ध लोगों को उत्तराखंड की बनबसा इमिग्रेशन चेक पोस्ट पर रोक दिया गया। इनमें चार लोगों के चीनी नागरिक होने का अंदेशा है। इनके पास वीजा और पासपोर्ट भी नहीं है। हालांकि, पांचवां व्यक्ति तिब्बती है। उसके पास पासपोर्ट समेत अन्य सभी कागजात हैं।
चूंकि वह इन लोगों के साथ था, इसलिए उसे भी रोका गया है। जिन चार लोगों के चीनी नागरिक होने का अंदेशा है, उनकी भाषा समझ में नहीं आने से दिल्ली से भाषा जानकारों को बुलाया गया है। उनसे मिली दिल्ली की आईडी भी फर्जी है।
इमिग्रेशन चेकपोस्ट अधिकारी इंद्र सिंह ने बताया है कि दिल्ली से नेपाल जा रही बस में सवार चीन के नागरिकों की तरह दिखाई दे रहे चार लोगों को रोका गया। उनसे मिली आईडी संदिग्ध प्रतीत हो रही है। उनकी भाषा भी समझ में नहीं आ रही है।
बताया कि ये लोग अपनी नागरिकता के संबंध में कुछ भी नहीं बता पाए। वे ये भी नहीं बता पाए कि उनका दिल्ली से नेपाल जाने का उद्देश्य क्या है। विदेशियों के संबंध में मालूमात करने को दिल्ली से विशेषज्ञों (एक्सपर्ट) का दल बुलाया गया है।
इधर, बनबसा में तैनात सुरक्षा एजेंसियां और खुफिया तंत्र इन संदिग्ध लोगों के बारे में पता लगाने में जुट गए हैं। उनके पास पासपोर्ट और वीजा नहीं होने की बात कही गई है। यह भी पता किया जाएगा कि कहीं भारत में रहने के दौरान उन्होंने कोई संगीन वारदात तो नहीं की।
12 जुलाई को पाक मूल की महिला भी पकड़ी गई थी
12 जुलाई को नेपाल से गैरकानूनी तरीके से फरीदा नामक पाक मूल की अमेरिकी नागरिक को भारत प्रवेश करते पकड़ा गया था। नेपाली यात्री और मैत्री बसों से संदिग्धों का भारत-नेपाल सीमा पार करने की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता है।