नैनीताल: राजभवन में धधकी आग, राहत बचाव कार्य में जुटे फायर ब्रिगेड और पीएसी जवान
उत्तराखंड में नैनीताल के राजभवन में अचानक आग भड़क उड़ी। घबराइए मत, यह फायर ब्रिग्रेड की ओर से किए गए मॉकड्रिल के दौरान हुआ। राजभवन में फायर ब्रिगेड कर्मियों ने बृहस्पतिवार को आग का मॉकड्रिल किया।
फायर कर्मियों, पीएसी जवानों और पीडब्लूडी कर्मचारियों ने आग लगने पर बचाव कार्यों की रिहर्सल की। मॉकड्रिल के जरिए बताया गया कि आग लगने पर किस तरह सुरक्षित निकला जाए। साथ ही दूसरों को कैसे बचाया जाए।
अगर कोई घायल हो तो उसे कैसे उपचार के लिए एंबुलेंस तक ले जाया जाए। फायर यूनिट के एफएसओ कैलाश चंद्र ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र में आग की घटना हो जाने पर सबसे बड़ी समस्या घटनास्थल तक पहुंचना है।
इस दौरान सीओ सिटी विजय थापा, लीडिंग फायरमैन मदन सिंह, वंश नारायण यादव, प्लाटून कमांडर मोहन लाल, फायरमैन प्रकाश, राजेंद्र, अपर सहायक अभियंता सुरेश चंद्र पंत, जोधा सिंह आदि रहे।