अब बड़े पर्दे पर दिखेगी हरकी पौड़ी की विश्व प्रसिद्घ गंगा आरती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कुछ दिनों बाद हरकी पैड़ी पर होने वाली गंगा आरती समूचे हरिद्वार नगर को सुनाई देगी। कुछ महत्वपूर्ण स्थानों पर बड़े एलईडी लगाने की तैयारी चल रही है।
विश्व प्रसिद्ध आरती को विस्तार देने के लिए कुंभ और अर्द्धकुंभ पर तो प्रयत्न किए जाते हैं, किंतु स्थायी रूप से प्रयत्न अब शुरू हुए हैं। सोनी टीवी हर की पैड़ी के विकास और सौंदर्यीयकरण पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च करने को तैयार है।
गौरतलब है कि इस संबंध में गंगा सभा, सोनी, हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण और जिला प्रशासन के बीच वार्ता हो चुकी है। निवर्तमान जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन इस संबंध में समूचे प्लान को अनुमति दे चुके हैं।
इसके अंतर्गत कुछ ही दिनों में हरकी पैड़ी पर करीब एक करोड़ की लागत से गंगा द्वार का निर्माण शुरू हो जाएगा। हर की पैड़ी के कई क्षेत्रों, सुभाष घाट, अपर रोड़, रेलवे स्टेशन, रोडवेज, भीमगोड़ा तथा गंगा पार के रोड़ी मैदान में बड़े एलईडी लगाने के काम को सोनी टीवी अंजाम देगा।
हरकी पैड़ी से होने वाला गंगा रक्षा संकल्प भी सभी जगह दोहराया जाएगा। योजना है कि सांयकालीन आरती का प्रसारण प्रारंभ होने के बाद प्रात: कालीन आरती का दर्शन भी नगर में फैले तीर्थयात्री और नगरवासी कर सकें।
लोगों को स्वच्छता अभियान के लिए करेंगे जागरूक
गंगा सभा के महामंत्री रामकुमार मिश्रा ने बताया कि हरकी पैड़ी के सौंदर्यीयकरण के साथ- साथ यात्री सुविधाओं को विस्तार देने का काम भी शुरू हो चुका है। यद्यपि हरकी पैड़ी पर महिलाओं के वस्त्र बदलने को अलग जनाना घाट मौजूद है, किंतु आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अधिक संख्या में चेंजिंग रूम बनवाए जा रहे हैं। घाटों की साफ सफाई का प्रबंध गंगा सभा पहले ही करती आई है।
अब स्वंयसेवकों के माध्यम से यात्रियों से आग्रह किया जाएगा कि वे गंगा को प्रदूषित न करें। इस काम को अन्य घाटों पर भी विस्तार दिया जाएगा। महामंत्री राम कुमार मिश्रा ने बताया कि ब्राह्मण वेशधारी कुछ व्यक्ति अनाधिकृत घाटों पर अस्थि प्रवाह करा रहे हैं। उनसे कई बार आग्रह किया जा चुका है कि अस्थि प्रवाह केवल हर की पैड़ी और कनखल के सती घाट पर कराएं।
अस्थि प्रवाह का काम तीर्थ पुरोहितों के जिम्मे है। जबकि कई आसामाजिक तत्व इस क्षेत्र में प्रवेश कर गए हैं। गंगा सभा ऐसे तत्वों को गऊघाट, कुशाघाट, बिरला घाट तथा रोड़ी मैदान से हटाने के लिए वचनबद्ध है। नए सिरे से कोशिशें प्रारंभ कर दी गई हैं।