उत्तराखंड सचिवालय में फेसबुक होगा बैन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नए निजाम में सचिवालय की कार्यसंस्कृति में बदलाव की तैयारी है। सचिवालय प्रशासन अनुभागों में फेसबुक के इस्तेमाल पर रोक लगाने जा रहा है, ताकि कार्मिक फाइलों पर ज्यादा फोकस करें। अलबत्ता सचिवालय को पूरी तरह वाईफाई किया जाएगा।
इस संबंध में प्रमुख सचिव (एसएडी) आनंद बर्धन और सचिवालय संघ के अध्यक्ष और महामंत्री के बीच हुई वार्ता में सहमति बन गई है। जल्द ही एसएडी कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए दिशा-निर्देश जारी करेगा।
बता दें कि दो दिन पूर्व प्रमुख सचिव ने सचिवालय परिसर में छापा मारकर कई अव्यवस्थाएं पकड़ी थी। इस संबंध में कोई एक्शन लेने के बजाय उन्होंने सचिवालय संघ से वार्ता कर कार्यसंस्कृति में बदलाव लाने की पहल की। शुक्रवार को हुई बैठक में कार्यसंस्कृति में सुधार और सचिवालय की सुरक्षा को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।
ये हुए हैं आदेश
-सचिवालय के अनुभागों में फेसबुक के इस्तेमाल पर रोक लगेगी।
-दफ्तर देरी से आने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-जीन्स या टी-शर्ट के बजाय कर्मचारी ऑफिशियल यूनिफार्म में आएंगे।
-सचिवालय में भवन वार प्रवेश पत्र बनेगा और ढाई घंटे के लिए होगा।
-समूचे सचिवालय परिसर को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा।
-पीआरडी, होमगार्ड, सचिवालय परिचारक अनिवार्य रूप से वर्दी पहनेंगे।
-एसओ ऐसी व्यवस्था करेंगे ताकि लंच के समय भी अनुभाग खाली न हों।
-सचिवालय परिसर के सभी भवनों में वेटिंग रूम बनाए जाएंगे।
-कार्मिकों को बिहेवियर ट्रेनिंग दी जाएगी।
-सचिवालय में तंबाकू, पान, गुटका पर लगेगा प्रतिबंध।
-अब हर अनुभाग में लगेगी बायोमीट्रिक हाजिरी।
सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी ने बताया कि कर्मचारियों के कई लंबित मसलों पर शासन कार्रवाई कर रहा है। हमारी भी जिम्मेदारी है कि सचिवालय की कार्यसंस्कृति में सुधार लाएं और उसे आदर्श बनाने का काम करें। इस मामले में संघ शासन के साथ है।