अमर उजाला खास: हरिद्वार की नर्सरी के पौधे बढ़ाएंगे चारधाम ऑल वेदर रोड की शोभा
उत्तराखंड में केदारनाथ, बद्रीनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री के साथ ही टनकपुर-पिथौरागढ़ को जोड़ने वाली सड़क है, जिसे ऑल वेदर रोड का नाम दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सरकार की ओर से उत्तराखंड के चारधाम को जोड़ने के लिए बनाई जा रही ऑल वेदर रोड को हरा-भरा और उसका प्राकृतिक सौंदर्यीकरण करने के लिए हरिद्वार की नर्सरी में पौधे तैयार किए जाएंगे। इसके लिए प्रस्ताव बनाना शुरू कर दिया गया है। पौधे तैयार करने के लिए मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल सुशांत पटनायक भी नर्सरी का निरीक्षण कर हरी झंडी दे चुके हैं।
उत्तराखंड में केदारनाथ, बद्रीनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री के साथ ही टनकपुर-पिथौरागढ़ को जोड़ने वाली सड़क है, जिसे ऑल वेदर रोड का नाम दिया गया है। इस सड़क का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। यह परियोजना राज्य के साथ ही भारत सरकार के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है।
ऑल वेदर रोड बनाने का लक्ष्य 2021 निर्धारित किया गया है, इसलिए सड़क बनते ही उसके दोनों तरफ विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाने हैं। इससे मार्ग की सुंदरता बढ़ेगी। इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटक हरियाली और रंग-बिरंगे फूलों वाले प्राकृतिक दृश्यों का लुत्फ उठा सकेंगे।
एक लाख 78 हजार पौधे तैयार किए गए हैं
ऑल वेदर रोड पर पौधरोपण करने के लिए हरिद्वार वन प्रभाग की बहादराबाद नर्सरी को भी चुना गया है। इस नर्सरी में विभिन्न प्रजातियों के तीन से चार लाख पौध तैयार करने की योजना बनाई गई है। करीब ढाई हेक्टेयर की नर्सरी में इस साल एक लाख 78 हजार पौधे तैयार किए गए हैं।
इनमें कंजू, कंजी, नीम, जामुन, पीपल, खैर, अमरूद, बांस, आंवला और शीशम आदि के पौधे तैयार किए गए हैं। अब ऑल वेदर रोड के किनारे पर पौधरोपण करने के लिए पौध तैयार करने की क्षमता बढ़ाकर चार लाख तक की जा रही है।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बहादराबाद नर्सरी में ऑल वेदर रोड के लिए पौधे तैयार करने के लिए क्षमता बढ़ाते हुए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसमें सड़क की हरियाली बढ़ाने और सौंदर्यीकरण के लिए विभिन्न प्रकार के पौधे तैयार किए जाएंगे। शासन से प्रस्ताव के अनुसार बजट मिलते ही पौधे तैयार करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
-नीरज शर्मा, डीएफओ, हरिद्वार