साहिया। बाजार क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण कार्य न होने का खामियाजा मोटर मार्ग से गुजरने वाले स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को भुगतना पड़ रहा है। साहिया बाजार क्षेत्र में दोनों छोर पर अतिक्रमण होने के चलते सड़क बेहद संकरी हो गई है। जिसके चलते अक्सर बाजार क्षेत्र में जाम के हालात पैदा हो जाते हैं। लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
बुधवार को भी बाजार क्षेत्र में सुबह एक बजे से 2:30 बजे से तक जाम लगा रहा। जिसके चलते लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दयाराम, पाना लाल, अमर सिंह, सिन्हा सिंह, ज्ञान सिंह राय का कहना है कि लंबे समय से बाजार क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण का काम अधर में लटका हुआ है। ऐसे में बाजार में वाहनों के आड़ा-तिरछा खड़ा होने से अक्सर जाम के हालात पैदा हो जाते हैं। मामले में तहसील प्रशासन की उदासीनता भी हैरान करने वाली है। राजस्व पुलिस कर्मी कभी भी बाजार क्षेत्र में चालान नहीं काटते। वाहन चालक वाहनों को सड़क पर ही खड़ा कर यहां-वहां निकल जाते हैं। एसडीएम संगीता कन्नौजिया ने कहा कि क्षेत्रीय पटवारी को चालान के निर्देश दिए गए थे। यदि अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है तो स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा।