नशे में धुत कार चालक ने सात वाहनों को मारी टक्कर, चार लोग घायल, एक ही हालत गंभीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोमवार देर रात शराब के नशे में कार चला रहे एक युवक ने पटेलनगर क्षेत्र में कोहराम मचा दिया। उसने एक के बाद एक सात वाहनों को टक्कर मारी। इसमें चार लोग घायल हो गए। इनमें से एक ही हालत गंभीर बताई गई है।
पटेलनगर में पर्यटन कार्यालय के पास सड़क किनारे खड़ी कार को टक्कर मारने के बाद उसकी कार सड़क पर घूमकर रुक गई। इस पर कार का पीछा कर रहे युवकों ने चालक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया। वहीं, कार में बैठा दूसरा युवक मौके से फरार हो गया।
यह घटना सोमवार देर रात श्री मंहत इंदिरेश अस्पताल रोड पर हुई। पुलिस के मुताबिक सोमवार देर रात कारगी चौक की तरफ से एक युवक अपने साथी के साथ तेज गति से कार चलाते हुए लाल पुल की तरफ आ रहा था।
आरोप है कि काली मंदिर से पहले नशे में धुत्त चालक ने एक कार को टक्कर मारी। इस पर चालक ने कार का पीछा किया। मौके पर मौजूद कुछ और युवक भी कार के पीछे लग गए।
टक्कर मारने वाले चालक ने उनसे बचने के लिए कार की स्पीड और बढ़ा दी। इसी बीच कार ने स्कूटी सवार और ई-रिक्शा को भी टक्कर मार दी। ई-रिक्शा पलटने के कारण चालक सतीश घायल हो गया।
इसके बाद कुछ ही दूरी पर कार चालक ने एक बाइक और फिर एक विक्रम को सीधी टक्कर मारी दी। इसके बाद एक बाइक को टक्कर मारने के बाद यह कार सड़क किनारे खड़ी एक कार से टकराकर घूमकर रुक गई।
इस पर उत्तेजित लोगों ने कार चालक को बाहर निकालकर मारपीट शुरू कर दी, जबकि उसका साथी भागने में सफल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया।
इंस्पेक्टर पटेलनगर सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि आरोपी चालक का नाम संदीप डोढिंयाल निवासी बंजारावाला बताया गया है। नशे में होने के कारण संदीप का मेडिकल कराया गया है।