नशे में धुत्त पुलिस कर्मियों ने मेले में मचाया हुड़दंग, तोड़ी गाड़ियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड प्रदेश के उत्तरकाशी में शराब के नशे में धुत्त पुलिस के कुछ जवानों ने रात को जमकर उत्पात मचाया और कई लोगों की धुनाई कर दी।
मित्र पुलिस के इस रवैये से गुस्साए लोगों ने थाना कोतवाली पहुंचकर विरोध जताया तो वहां भी पुलिस कर्मियों ने उन्हें लाठियों के बल पर खदेड़ दिया। घटना बुधवार रात की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार तीनों सिपाहियों समेत एक अन्य कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है।
नगर में चल रहे माघ मेले में बुधवार रात लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी की सांस्कृतिक संध्या में भारी भीड़ उमड़ी थी। ऐसे में होटल-ढाबों पर जगह-जगह शराबी हुड़दंग मचाते नजर आए।
हुड़दंग में वहां खड़ी कुछ गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त की
इस दौरान भटवाड़ी रोड स्थित एक होटल में दो पुलिस कर्मी ही आपस में भिड़ गए। विवाद बढ़ने पर इनमें से एक जवान अपने साथी पुलिस कर्मियों को लेकर होटल पहुंचा और उसने होटल संचालक समेत वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ शुरू कर दी। हुड़दंग में वहां खड़ी कुछ गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुईं।
पुलिस के इस व्यवहार से गुस्साए लोगों ने रात करीब साढ़े 11 बजे गंगोत्री के पूर्व विधायक गोपाल रावत के नेतृत्व में थाना कोतवाली पहुंचकर रोष जताया। लेकिन मौके पर पहुंचे सीओ देवीदत्त चौंसाली ने मामले को सुलझाने की बजाय पुलिस को लोगों पर लाठियां भांजने के आदेश दे दिए।
इस दौरान कुछ लोग चोटिल भी हुए। विवाद बढ़ने पर पुलिस अधीक्षक अनंत शंकर ताकवाले को स्वयं थाने पहुंचना पड़ा। उन्होंने लोगों के साथ मारपीट के आरोप में पुलिस के तीन जवानों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तत्काल गिरफ्तारी के आदेश दिए और इन समेत चार कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया।