दिवाली 2021: भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा तंत्र अलर्ट, आवाजाही करने वालों पर रखी जा रही पैनी नजर
India Nepal border: पर्व की आड़ में सीमा पार से भारत विरोधी तत्वों की घुसपैठ और तस्करी की आशंका को देखते हुए सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिवाली को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया है। एसपी देवेंद्र पींचा के निर्देश पर सीओ अविनाश वर्मा ने सीमा क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसएसबी की 57 वीं वाहिनी के कमांडेंट बृजपाल सिंह नेगी ने भी सीमा का निरीक्षण कर एसएसबी के अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश दिए हैं। उन्होंने सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों को दोनों देशों के बीच आवाजाही करने वालों पर पैनी नजर रखने के लिए कहा है।
पर्व की आड़ में सीमा पार से भारत विरोधी तत्वों की घुसपैठ और तस्करी की आशंका को देखते हुए सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया है। सीओ ने टनकपुर और बनबसा सीमा क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस, एसएसअी और खुफिया तंत्र को तालमेल रखकर दोनों देशों के बीच आवाजाही करने वालों की सघन तलाशी और पूछताछ करने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही दोनों देशों के बीच आवाजाही करने वाले पर्यटकों, व्यापारियों को किसी तरह की परेशानी न हो इसका विशेष ध्यान रखने को कहा है। एसएसबी के कमांडेंट बृजपाल सिंह नेगी भी सितारगंज से सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने बताया कि सीमा पर एसएसबी अलर्ट है। दीपावली के मद्देनजर गश्त बढ़ाने पर सीमा क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नेपाल से चार मैत्री बसों का संचालन शुरू
करीब 19 माह बाद नेपाल की चार मैत्री बसों का संचालन भारत के लिए दोबारा शुरू हो गया है। नेपाल की महाकाली, पवनदूत यातायात समितियों ने नेपाल से दो बसें दिल्ली और दो बसें देहरादून के लिए भेजीं।
कोरोना महामारी के कारण पिछले साल मार्च से भारत-नेपाल सीमा को दोनों ओर से सील कर दिया गया था। इसके चलते दोनों देशों के बीच संचालित होने वाली मैत्री बसों का संचालन भी बंद हो गया था। सीमा खुलने के बाद अब फिर से मैत्री बसों का संचालन शुरू हो गया है। साहिबाबाद डिपो ने 30 अक्तूबर से महेंद्रनगर से दिल्ली के लिए एक बस का संचालन शुरू किया है। मंगलवार को नेपाल ने भी चार मैत्री बसों का संचालन शुरू कर दिया है।
टनकपुर डिपो के आरएम पवन मेहरा ने बताया है कि जल्द ही टनकपुर डिपो की बसों का भी पूर्ववत नेपाल से संचालन शुरू किया जाएगा। नेपाल की महाकाली यातायात समिति अध्यक्ष डंपर राज पंत और पवनदूत यातायात समिति अध्यक्ष निराजन थापा ने बताया कि 19 माह से बेरोजगारी का दंश झेल रहे बस स्वामियों, चालक और परिचालकों को मैत्री बसों का पुन: संचालन होने से राहत मिल रही है।