दिल्ली का रण: भाई जीते दिल्ली की जंग तो बहन के घर मनेगा खूब जश्न
- दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की बहन डॉ. रंजना रहती हैं हरिद्वार में
- भाई को फिर देखना चाहती हैं दिल्ली का सीएम, नतीजे पर है नजर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली के चुनावी रण पर देश भर की निगाहें लगी है। लेकिन हरिद्वार में शिवालिक नगर की रहने वालीं डॉ. रंजना और उनके परिवार के लिए यह चुनाव खास है। डॉ. रंजना दरअसल दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की बहन हैं। ऐसे में जाहिर है कि अगर दिल्ली की जंग केजरीवाल जीते तो डॉ. रंजना के शिवालिक नगर स्थित घर पर भी खूब जश्न होगा।
डॉ. रंजना गुप्ता और उनके पति डॉ. अजय गुप्ता दोनों पेशे से डॉक्टर है। डॉ. अजय गुप्ता बीएचईएल अस्पताल में एनेस्थीसिया के हेड हैं, जबकि डॉ रंजना ज्वालापुर के सुभाषनगर में अपना क्लीनिक चलाती हैं।
दिल्ली के चुनाव के दौरान पूरे परिवार की नजर वहां चल रही राजनीति पर लगी रही। अब जबकि मंगलवार को परिणाम आना है तो पूरा गुप्ता परिवार ईश्वर से केजरीवाल के फिर से सीएम बनने की दुआ कर रहा है।
केजरीवाल की बहन डॉ रंजना गुप्ता ने अमर उजाला में बातचीत में एग्जिट पोल के सही होने की उम्मीद जताई। कहा कि उन्हें भरोसा है कि अरविंद केजरीवाल एक बार फिर दिल्ली की सत्ता संभालेंगे। उनका मानना है कि केजरीवाल अपने स्वभाव के अनुरुप जिस मकसद को लेकर राजनीति में आए थे, उसे सीएम के रुप में उन्होंने करके दिखाया है।
नतीजे के बाद हरिद्वार आएंगे केजरीवाल
देश में उन्होंने राजनीति का नया दौर शुरू किया और नेताओं को बताया कि जनता साफ सुथरी तथा विकास पर आधारित राजनीति को ही पसंद करती है। डॉ रंजना को उनकी मोहल्ला क्लीनिक की योजना बहुत पसंद आई थी।
रंजना गुप्ता का मानना है कि इस चुनाव में जिस तरह से केजरीवाल और उनकी पार्टी ने अपने पांच साल का रिपोर्ट कार्ड और अगले पांच साल का विजन जनता के बीच पेश किया वह प्रभावशाली है।
रंजना ने कहा कि शाहीन बाग जैसी राजनीति को जनता नकार चुकी है। उम्मीद जताई कि अगर अरविंद फिर सीएम बने तो दिल्ली में प्रदूषण की गंभीर समस्या का समाधान जरूर निकालेंगे। उनके बेटे अभय गुप्ता और बेटी भी अपने मामा से बेहद प्रभावित हैं। अरविंद केजरीवाल करीब तीन साल पहले अपनी बहन के घर आए थे। डॉ. रंजना ने बताया कि चुनाव नतीजा आने के बाद उनका फिर शिवालिक नगर आने का कार्यक्रम है।