Dehradun: बारिश का कहर...कारगी ग्रांट में दो मकान गिरे, सड़कों पर भरा पानी, मसूरी मार्ग पर पुश्ता धंसा
Dehradun Weather Update: बीते कुछ दिनों से प्रदेश में मानसून पूरी तरह से सक्रिय है। जिसके चलते राजधानी दून में भी रोजाना हल्की बारिश हो रही है। आज तेज बारिश के बाद शहर में कई जगहों पर हालत बुरे दिखे।
विस्तार
राजधानी देहरादून में देर रात से सुबह तक बारिश जारी रही। इस दौरान कारगी क्षेत्र की मदीना मस्जिद कॉलोनी में शहीद अंसारी का दो मंजिला घर भरभराकर ढह गया। वहीं एक अन्य मकान भी गिर गया। गनीमत रही कि मकान के ढहने की आशंका पर पहले ही परिवार वालों को घर से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया था। वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
वहीं, शहर में कई मार्गों पर जलभराव भी हुआ और कई जगह पर पुश्ते टूटने से खतरा बढ़ गया है। जिसके चलते एसएसपी अजय सिंह हर स्थिति की स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं। दून पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
देहरादून जू मार्ग पर धंसा रास्ता
बरसात के कारण मालसी जू पुलिया के पास सड़क का किनारा धंस गया। जिसके चलते इस मार्ग पर भारी वाहनो को प्रतिबंधित कर दिया गया है। पुलिस ने मसूरी जाने वाले पर्यटकों से अनुरोध किया कि उस मार्ग का प्रयोग कम से कम करते हुए अन्य वैकल्पिक मार्गों से जाएं।
Dehradun Rainfall: एयरपोर्ट के पास नाले में उफान से भानियावाला में बाढ़ जैसे हालात, हाईवे हुआ जलमग्न, तस्वीरें
सात जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट
आज से अगले तीन दिन तक प्रदेश के सात जिलों में भारी से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जबकि अन्य कई जिलों में भी तेज दौर की बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि 29 जून से लेकर एक जुलाई तक दून समेत टिहरी, पौड़ी, चम्पावत, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ इलाकों में भारी से भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। जबकि रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के भी कुछ हिस्सों में कई दौर की भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को हिदायत देते हुए उन्होंने कहा कि इन तीन दिनों में जलभराव, भूस्खलन होने के साथ नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है।