आज से दूर हुई दिल्ली, जेब पर भी बढ़ा बोझ, 65 रुपये बढ़ा किराया
देहरादून से दिल्ली जाने वाले बस यात्रियों को अब 63 किमी अतिरिक्त सफर करना होगा। साथ ही उन्हें वर्तमान किराए की तुलना में 65 रुपये तक अतिरिक्त भुगतान करना होगा। परिवहन निगम प्रबंधन ने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर दिल्ली जाने वाली बसों के रूट में बदलाव कर दिया है।
अब दिल्ली जाने वाली बसें हरिद्वार, रुड़की, मुजफ्फरनगर व मेरठ के बजाय पोंटा साहिब, यमुनानगर, जगाधरी, करनाल होते हुए दिल्ली जा रही हैं। साथ ही आगरा जाने वाली बसों के रूट में बदलाव किया गया है।
आगरा जाने वाली बसें दून से भगवानपुर, पुहाना, झबरेड़ा, देवबंद, मुजफ्फरनगर, मीरापुर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, खुर्जा होते हुए आगरा भेजी जा रही हैं। परिवहन निगम के उप महाप्रबंधक संचालन जेके शर्मा ने बताया कि दून से रुड़की का संचालन यथावत रखा गया है।
किस श्रेणी की बस का कितना बढ़ा किराया
दून से दिल्ली पहले अब बढ़ोतरी
सामान्य श्रेणी 290 रुपये 320 रुपये 30 रुपये
एसी 510 रुपये 575 रुपये 65 रुपये
जनरथ 445 रुपये 510 रुपये 65 रुपये
वॉल्वो 735 रुपये 798 रुपये 63 रुपये
कांवड़ यात्रा के चलते देहरादून से दिल्ली जाने वाली बसों का संचालन मुजफ्फरनगर, मेरठ के बजाय करनाल, यमुनानगर, जगाधरी होते हुए किया जा रहा है। ऐसे में दून से दिल्ली की दूरी 63 किमी बढ़ जाने की वजह से किराये में भी बढ़ोतरी की गई है। कांवड़ यात्रा समाप्त होने के बाद बसों को पुन: पुराने यात्रा मार्गों पर संचालित किया जाएगा।
- दीपक जैन, महाप्रबंधक, परिवहन निगम उत्तराखंड