देहरादून: सीएम के फटी जींस वाले बयान के विरोध में कांग्रेस ने किया सचिवालय कूच, 60 से ज्यादा को हिरासत में लिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के सीएम तीरथ सिंह रावत फटी जींस को लेकर दिए गए बयान को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सचिवालय घेराव किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत 60 से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया। जिसके बाद उन्हें पुलिस लाइन ले जाकर निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।
प्रदेश के नए मुख्यमंत्री तीरथ से कांग्रेस ने पूछे कई सवाल
कांग्रेस ने प्रदेश सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार देते हुए कई सवाल पूछे हैं। शुक्रवार को कांग्रेस भवन में मीडिया से मुखातिब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि बहुत हुई महंगाई की मार का नारा देने वाली भाजपा सरकार ने जनता की जेब पर दोहरी मार की है। पेट्रोलियम, गैस सिलिंडर आदि के दाम आसमान छू रहे हैं। चमोली आपदा में भी प्रबंधन विफल ही साबित हुआ। प्रीतम सिंह ने मीडिया से बातचीत में सरकार से सीधे कई सवाल भी पूछे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार लोगों का विश्वास खो चुकी है। कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवाल लोगों के ही सवाल हैं। सरकार को इन सवालों का जवाब देना चाहिए। प्रीतम सिंह ने बेरोजगारी, महंगाई, किसान कानून आदि के मुद्दे भी उठाए और कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर अपने अभियान को और तेज करेगी।
कांग्रेस ने पूछे ये सवाल
क्या भाजपा मलिन बस्तियों के सुधार का काम करेगी?
सरकार बिगड़ी अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए क्या करेगी?
जीरों टॉलरेंस के तहत प्राधिकरण भ्रष्टाचार की जांच कब होगी?
क्या प्रदेश के किसानों का ऋण माफ किया जाएगा?
क्या महंगाई कम होगी? क्या बेरोजगारी दूर होगी?
क्या प्राधिकरण और श्राइन बोर्ड को समाप्त किया जाएगा?
क्या अपराधों से पीड़ित महिलाओं को न्याय मिलेगा?
भाजपा की सोच अब लोगों के सामने: प्रीतम सिंह
प्रदेश कांग्रेंस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के फटी जींस संबंधित बयान पर कहा कि मातृशक्ति के प्रति भाजपा की सोच को लोग अब अच्छी तरह से जान गए हैं। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की ओर से महिलाओं के कपड़ों पर की गई टिप्पणी की कांग्रेस कड़ी निंदा करती है।
महिलाएं क्या पहनेंगी यह मुख्यमंत्री तीरथ तय नहीं कर सकते : कांग्रेस
कांग्रेस सोशल मीडिया की अध्यक्ष शिल्पी अरोरा ने कहा कि महिलाएं क्या पहनेंगी, ये मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रवात तय नहीं कर सकते हैं। प्रेस बयान जारी कर उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, दूसरी तरफ महिलाओं के प्रति ऐसी घृणित सोच रखती है। महिला कोई वस्तु नहीं है। प्रदेश के मुख्यमंत्री की ओर से इस प्रकार की अभद्र टिप्पणी किया जाना बहुत ही निंदनीय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी इस पूरे मामले पर अपने पार्टी के नेता के लिए माफी मांगनी चाहिए। प्रदेश के मुख्यमंत्री को भी तत्काल प्रभाव से त्यागपत्र देना चाहिए।
अब नींबू पार्टी देंगे हरीश रावत
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत अब पहाड़ी नींबू की दावत देने जा रहे हैं। शुक्रवार को फेसबुक पेज पर दावत का निमंत्रण जारी कर उन्होंने कहा कि पहाड़ी नींबू उत्तराखंड का सोना है। इस सोने की हमने कद्र नहीं की है। मैं कोशिश कर रहा हूं, इसकी एक राज्यव्यापी और देशव्यापी पहचान बनाऊं, जो किसानों को भी फायदा दे सके। मैंने पहले भी बहुत सारी नींबू पार्टियां और नींबू सन्नी पार्टियां दी हैं, अब मैं चंडीगढ़ व लुधियाना तक इस अभियान को पहुंचा रहा हूं और इसी अभियान के तहत रुड़की, लंढौरा आदि में भी यह नींबू सन्नी को पहुंचा रहा हूं।
टीएसआर-टू में अल्टु पल्टुओं का दबदबा : हरीश रावत
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि लोग मुझसे बार-बार पूछते हैं कि टीएसआर-1 और टीएसआर-2 की सरकार में क्या अंतर है? रावत के मुताबिक व्यक्तियों के काम करने और व्यक्तित्व में थोड़ा अंतर तो होता ही है। एक अंतर जो साफ-साफ दिखाई दिया है, वह कि टीएसआर-1 की सरकार में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता हावी थे और टीएसआर-2 की सरकार में अभी तक अल्टू-पल्टू राम हावी दिखाई दे रहे हैं। माना जा रहा है कि अल्टू पल्टुओं से हरीश रावत का आशय कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में आए नेताओं से है। त्रिवेंद्र सिंह रावत को हरीश रावत टीएसआर-1 और तीरथ सिंह रावत को वे टीएसआर-2 बता रहे हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.