Dehradun News : 10 लाख रुपये नहीं मिले तो कह दिया तीन बार तलाक, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
निकाह के बाद 10 लाख रुपये नहीं मिले तो पति ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। महिला निकाह के बाद से ही मायके में रह रही थी और पति ने उसे साथ ले जाने के लिए यह रकम मांगी थी। शहर कोतवाली पुलिस ने महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रुखसार निवासी एमडीडीए कॉलोनी त्यागी रोड लोहियापुरम ने लक्खीबाग चौकी में शिकायत की थी। उसने बताया कि उसकी पहचान पड़ोसी वरीस कुरैशी से 2015 में हुई थी। दोनों ने चार अक्तूबर 2017 को निकाह और उसके बाद कोर्ट मैरिज कर ली। महिला के अनुसार वह तीन सालों से अपने मायके में ही रह रही है। वरीस ने वादा किया था कि वह उसे जल्द ही अपने घर ले जाएगा। लेकिन, तीन सालों से उसने सुध नहीं ली।
एक माह पहले वरीस ने उसे फोन किया और कहा कि 10 लाख रुपये देने पर ही वह उसे घर ले जाएगा। रुखसार ने मना किया तो उसने गाली-गलौच की। महिला नहीं मानी तो उसने फोन पर ही तीन बार तलाक कह दिया। शहर कोतवाल एसएस नेगी ने बताया कि आरोपी वरीस कुरेशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
तीन तलाक कहकर गर्भवती पत्नी को छोड़ा
हरिद्वार में गर्भवती पत्नी को तीन तलाक बोलकर छोड़ने वाले आरोपी पति के खिलाफ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने दूसरा निकाह कर लिया है।
ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के पांवधोई में रहने वाली महिला ने बताया कि वह सहारनपुर के गांव खाताखेड़ी की रहने वाली है। वर्ष 2013 में उसकी मुलाकात सलेमपुर दादूपुर निवासी से थी। उसका कहना है मुलाकात के बाद वर्ष 2016 में उन्होंने निकाह कर लिया था।
निकाह के बाद पति ने उसे पांवधोई मोहल्ले में रखा था। आरोप है कि 16 जनवरी को उसके पति ने उसे तीन तलाक कहकर छोड़ दिया। इस बीच उसके पति ने दूसरा निकाह कर लिया।
पीड़िता ने बताया कि वह चार महीने की गर्भवती है। ज्वालापुर कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।