देहरादून : मोहब्बेवाला में बड़ा हादसा, कंटेनर ने कार को मारी टक्कर, सहारनपुर के चार लोगों की मौत, बच्चा घायल
परिवार कार से देहरादून आ रहा था। इस दौरान उनकी कार ट्राले की चपेट में आ गई। इस दौरान एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई।
विस्तार
मोहब्बेवाला चौक पर बुधवार दोपहर भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, इनमें से तीन लोग सहारनपुर के एक ही परिवार के थे। खाद से भरा एक कंटेनर रंबल स्ट्रिप पार करते ही बगल में चल रही कार के ऊपर पलट गया। कार कंटेनर के नीचे बुरी तरह दब गई। कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह साल के बच्चे को सुरक्षित निकाल लिया गया। हादसे के बाद कंटेनर चालक और परिचालक मौके से भाग गए।
पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मोहब्बेवाला चौक पर सहारनपुर से देहरादून आ रही आई 20 कार के बराबर से प्लास्टिक दाना से भरा कंटेनर गुजर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रंबल स्ट्रिप पार करने के बाद अचानक कंटेनर अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। भारी-भरकम कंटेनर के नीचे कार बुरी तरह दब गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कंटेनर के नीचे दबी कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया गया। सबसे पहले हाइड्रा के सहारे कंटेनर को कार के ऊपर से हटाया गया। इसके बाद दो कटर की मदद से कार की छत काटकर अलग की गई। काफी मशक्कत के बाद छह वर्षीय माहेर कपूर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जबकि कार सवार अन्य चारों लोग मृत मिले। सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि हादसे के बाद कंटेनर का चालक और परिचालक वाहन से कूदकर भाग गए। उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
ये हैं मृतक
विश्वेश कपूर (38 वर्ष)
निशा आनंद कपूर (38 वर्ष), पत्नी
किरण कपूर (63 वर्ष), मां
नीरज, कार चालक
घायल
माहेर कपूर (06)
गाड़ी काटकर निकाले शव
ट्राले के नीचे दबकर कार इतनी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई कि कार काटकर शवों को निकाला गया। हादसे की खबर लगते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
शुरुआती जांच में ब्रेक फेल होने का दावा
मोहब्बेवाला में हुई दुर्घटना की शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का दावा है कि कंटेनर के ब्रेक फेल हो गए थे। इसलिए वह काफी दूर से तेज रफ्तार में आ रहा था। रंबल स्ट्रिप पार करते ही वह अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक काफी दूर से डगमगाते हुए आ रहा था।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.