देहरादून: प्रॉपर्टी के विवाद में पार्टनर ने ही कराया था राजू बॉक्सर का कत्ल, चार आरोपी गिरफ्तार
- हत्या करने के बाद एमडीडीए के एक निर्माणधीन फ्लैट में छिपे थे आरोपी
विस्तार
देहरादून में प्रॉपर्टी के विवाद में पार्टनर ने ही राजू बॉक्सर की हत्या कराई थी। पुलिस ने पार्टनर और गोली मारने वाले शूटर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि प्रॉपर्टी के काम में बॉक्सर अपने पार्टनरों के साथ दगा करता था, जिसके चलते उन्होंने उसे रास्ते हटाने की साजिश रची थी। हत्या करने के बाद आरोपी आईएसबीटी के पास एक निर्माणाधीन फ्लैट में छुप गए थे। पुलिस ने इनके पास से दो पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं।
नेहरू कॉलोनी के अजबपुर माता मंदिर रोड पर हुए हत्याकांड का पुलिस ने 18 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। बृहस्पतिवार को एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि राजू बॉक्सर निवासी खुड़बुड़ा अपने दोस्त शावेज खान के प्लॉट पर शराब पीने के लिए गया था।
वहां से निकलते ही स्कूटर सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। हत्या की सूचना पुलिस को बॉक्सर के दोस्त शावेज ने दी थी। इसके बाद एसपी सिटी सरिता डोभाल के नेतृत्व में कई टीमें गठित की गईं। सभी सीमाओं को सील कर दिया गया और संघन चेकिंग के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
यह भी पढ़ें: Dehradun News : प्रॉपर्टी डीलर राजू बॉक्सर की देर रात गोली मारकर हत्या, भागे बदमाश
जांच में पता चला कि बॉक्सर की हत्या में उसी के साथी विनय कांबोज का हाथ है। पता चला कि राजू बॉक्सर का शावेज के साथ प्रॉपर्टी का विवाद चल रहा है। शुरूआती पड़ताल में शावेज के हावभाव भी कुछ संदिग्ध लगे। इस पर शावेज से सख्ती से पूछताछ की गई तो वह पुलिस के सामने टूट गया। उसने बताया कि राजू बॉक्सर उसके साथ अक्सर पैसों को लेकर विवाद करता था। पिछले दिनों उसने विनय कांबोज के साथ भी मारपीट की थी। इसके बाद से ही शावेज ने बॉक्सर को रास्ते से हटाने की ठान ली थी।
पिस्तौल व कारतूसों का इंतजाम कर दिया
उसने विनय कांबोज को विश्वास में लिया और बॉक्सर की हत्या करने को कहा। हत्या के लिए विनय ने अपने एक साथी अनिकेत कांबोज को सहारननपुर से बुला लिया। शावेज ने अपने एक साथी फरीद की मदद से विनय और अनिकेत के लिए दो पिस्तौल व कारतूसों का इंतजाम कर दिया। बुधवार सुबह सभी ने हरिद्वार बाईपास स्थित फरीद के दफ्तर में बैठकर शराब पी।
उन्हें पता था कि राजू बॉक्सर बुधवार को भी माता मंदिर रोड पर शावेज के प्लॉट पर शराब पीने के लिए आने वाला है। शावेज ने रात को विनय और अनिकेत को राजू के पहुंचने के बारे में बताया तो वे वहीं घात लगाकर बैठ गए और जैसे ही वह बाहर निकला विनय ने उस पर गोली चला दी।
राजू की मौत होने के बाद ही शावेज ने पुलिस को थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी। एसएसपी ने बताया कि हत्या करने के बाद विनय और अनिकेत फरीद के दफ्तर गए और फिर वहां से उसके घर। इसके बाद वे दोनों वहां से सहारनपुर जाने के लिए निकल गए। लेकिन, चेकिंग ज्यादा होने पर वे एमडीडीए कॉलोनी में एक निर्माणाधीन फ्लैट में रुक गए।
बृहस्पतिवार सुबह पुलिस ने विनय कांबोज निवासी औरंगाबाद शेरपुर बिहारीगढ़ और अनिकेत कांबोज निवासी बेहट सहारनपुर को वहां से गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही शावेज निवासी अजबपुर देहरादून और फरीद खान निवासी मोथरोवाला को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
राजू की प्रॉपर्टी हथियाना चाहता था शावेज
शावेज ने पुलिस को बताया कि राजू बॉक्सर अक्सर पैसों को लेकर घपला करता था। प्रॉपर्टी डीलिंग में हुए लाभ में राजू उनका हिस्सा हड़प कर लेता था। इसका जब वे विरोध करते थे तो उनके साथ मारपीट पर उतारू हो जाता था। ऐसे में उसे रास्ते से हटाने के बाद शावेज बॉक्सर की प्रॉपर्टी हथियाना चाहता था।
फरीद के घर पर रुकना चाहते थे आरोपी
आरोपी हत्या के बाद फरीद के घर पर रुकना चाहते थे। रात में करीब एक घंटे वह उसके मोथरोवाला स्थित घर में रुके भी, लेकिन परिवार वालों ने विरोध शुरू कर दिया। इस पर वे वहां से निकल गए। पुलिस ने फरीद को उसके घर से ही गिरफ्तार किया है।
अनिकेत पर हैं लूट के कई मुकदमे
विनय ने अनिकेत को हत्या के लिए सोच समझकर बुलाया था। उसे पता था कि अनिकेत के ऊपर पहले से ही लूट के कई मुकदमे दर्ज हैं। लिहाजा, वह पुलिस से बचने में उसकी मदद कर सकता है। लेकिन, पुलिस ने उन्हें समय रहते पकड़ लिया।
टीम को ढाई हजार रुपये का इनाम
खुलासा करने वाली टीम को एसएसपी ने ढाई हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। टीम में सीओ पल्लवी त्यागी, सीओ अनुज कुमार, इंस्पेक्टर राकेश गुसाईं, इंस्पेक्टर देवेंद्र चौहान, एसओजी प्रभारी एश्वर्य पाल, कएसओ रायपुर दिलबर सिंह नेगी एसएसआई राजविक्रम सिंह, एसआई राजीव धारीवाल, मानवेंद्र सिंह गुसाईं, धनीराम पुरोहित, जयवीर, अकिमत ममगई, महिला दरोगा नीलम रावत, राकेश चौधरी, कांस्टेबल आशीष, पंकज, देवेंद्र, ललित, विपिन, फरमान, राकेश बिष्ट, हेड कंस्टेबल रमेश सिंह, दीप प्रकाश, विक्रम रावत, रितेश, विजय आदि शामिल थे।