देहरादून: आईएसबीटी के पास पैदल जा रहे बच्चे को बस ने कुचला, मौके पर हुई मौत
- लोगों ने बस ड्राइवर को जमकर पीटा, आईएसबीटी के पास हुआ हादसा
- पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया
विस्तार
देहरादून आईएसबीटी के पास एक बस ने पैदल चल रहे बच्चे को कुचल दिया। इससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने बस चालक की जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हादसा शनिवार दोपहर फ्लाईओवर के नीचे हुआ। मयंक बालियान (12) पुत्र प्रवीण बालियान निवासी एमडीडीए कॉलोनी अपने दोस्त के साथ बिग बाजार की तरफ जा रहा था। इसी दौरान एक प्राइवेट बस ने उसे पीछे से टक्कर मारी, जिससे वह टायर के नीचे आ गया। बस का टायर बच्चे के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इधर, गुस्साई भीड़ ने बस चालक को पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। सूचना पर इंस्पेक्टर पटेलनगर प्रदीप बिष्ट मय फोर्स पहुंच गए। उन्होंने भीड़ से चालक को बचाया और आईएसबीटी चौकी ले आए।
चालक ने अपना नाम अमरदीप सिंह पुत्र हुकमराम निवासी गुमानीवाला ऋषिकेश बताया। बच्चे के मामा की तहरीर पर पुलिस ने अमरदीप के खिलाफ आपीसी 304 यानी गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।