दिल्ली राउंड में दून की 34 सुपर मॉम की एंट्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टीवी रियलिटी शो डांस इंडिया डांस सुपर मॉम के लिए शुक्रवार को हुए ऑडीशन में दून से 34 महिलाएं अगले राउंड के लिए चुनी गईं। सुबह से शाम तक कुल 250 महिलाओं ने ऑडीशन दिए। हालांकि ऑडीशन के लिए बीते साल से कम ही लोग पहुंचे।
पटेलनगर स्थित एसजीआरआर पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को हुए ऑडीशन में दो लेवल थे। पहले में डीआईडी शो में भागीदार रहे मंजू शर्मा, श्याम यादव और हार्दिक राणा ने ऑडीशन लिए तो दूसरे लेवल में चैनल की क्रिएटिव हेड अर्चना सिंह और पंक्ति वोहरा जज रहे।
महिलाओं का मनोबल बढ़ाने के लिए पिछले सीजन की कंपटीटर जोया खान भी ऑडीशन में मौजूद थी। कम भीड़ देखकर आयोजकों के साथ जोया भी हैरत में रहीं। महिलाओं का यह भी कहना था कि चैनल वालों ने सही तरीके से प्रचार नहीं किया, इसलिए जानकारी नहीं मिल पाई। बेहद शॉर्ट नोटिस पर भी 250 महिलाएं पहुंच गईं।
बिजनौर-मेरठ से पहुंचीं मम्मियां
बिजनौर से पहुंची ज्योति टंडन ने बताया कि वह पिछली बार दिल्ली स्टूडियो राउंड तक पहुंची थीं। इस बार चैनल वालों ने खुद कॉल किया था। वह अपने तीन बच्चों और पति के साथ दून आई थीं।
मेरठ से आई अर्चना और मिताली भी खास गेटअप में थीं। उन्होंने बताया कि सुबह आने के बाद स्कूल में ही मेकअप किया।
अब 19 को दिल्ली में ऑडीशन
डीआईडी के लिए पैशन रिडिफाइंड ऑडीशन की सारी व्यवस्थाएं कर रहा है। पैशन रिडिफाइंड के धीरज सिंह ने बताया कि दून से सेलेक्ट 34 सुपर मॉम अब 19 अक्तूबर को दिल्ली में स्टूडियो राउंड से गुजरेंगी। इसे पार करने वाली मांएं ही मुंबई में मेगा ऑडिशन तक पहुंच पाएंगी।