साइबर ठगों ने बैंक अधिकारी बन कारोबारी से पौने तीन लाख ठगे, पलक झपकते ही खाते से उड़ाई रकम
साइबर ठगों ने एक कारोबारी को झांसे में लेकर खाते से लाखों की रकम निकाल ली। ठगों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर कारोबारी के मोबाइल पर एक लिंक भेजा और उसके ओके करते ही खाते से रकम निकाल ली। कारोबारी की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने जांच के लिए मामले को हरिद्वार साइबर सेल भेज दिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित भारतनगर निवासी एक कारोबारी ने पुलिस को बताया कि वह तीन दिन पहले एटीएम से पांच हजार रुपये निकालने गए थे। लेकिन एटीएम से रकम नहीं निकली, जबकि खाते से रुपये कट गए थे। बैंक पहुंचकर उन्होंने इसकी शिकायत की। बैंक ने उनकी रकम जल्द ही खाते में वापसी का भरोसा दिलाया।
कारोबारी के मुताबिक शनिवार को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताया। साथ ही कहा कि उनके खाते से जो पांच हजार रकम निकली है।
उसे वापस करने के लिए बैंक की ओर से उनके मोबाइल पर एक लिंक भेजा जा रहा है। उन्हें इसे ओके करना होगा और इसके बाद उनके खाते में पांच हजार की रकम वापस आ जाएगी।
बातों में आकर कारोबारी ने भेजे गए लिंक पर ओके कर दिया। इसके बाद कारोबारी के मोबाइल पर खाते से पौने तीन लाख रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। मैसेज देखकर कारोबारी के होश उड़ गए।
उन्होंने आननफानन में बैंक पहुंचकर मामले की शिकायत की। साथ ही रविवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। एसआई बारु सिंह चौहान ने बताया कि मामले को जांच के लिए साइबर सेल हरिद्वार भेजा जा रहा है।