प्रेमी युगल को ले जा रही थी पुलिस, प्रेमिका ने गटक लिया जहर
हरिद्वार में होटल से हिरासत में लिए गए युगल को हरियाणा ले जाते समय प्रेमिका ने भगवानपुर के पास पुलिस हिरासत में जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई।
उसे आनन-फानन में कस्बे के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। हरियाणा के हिसार जिले के उपलाना क्षेत्र की शादीशुदा महिला अपने आठ साल के बच्चे के साथ 30 अगस्त को लापता हो गई थी। पति ने इस संबंध में उपलाना थाने में मामला दर्ज कराया था।
तफ्तीश में सामने आया कि प्रेम प्रसंग के चलते महिला पानीपत निवासी प्रेमी के संग गई है। लोकेशन मिलने पर शनिवार को उपलाना थाने के एसआई रामकुमार, सुरेंद्र समेत अन्य कर्मियों ने हरिद्वार के बस स्टैंड के पास एक होटल में छापा मारकर दोनों का पकड़ लिया।
गुस्साये परिजनों ने प्रेमी को पीटा
दोनों को हिरासत में उपलाना ले जाया जा रहा था। इससे पहले रुड़की के भगवानपुर के पास पहुंचते ही प्रेमिका ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इससे उसकी तबियत खराब हो गई।
इधर, मौके पर मौजूद महिला के गुस्साये परिजन ने उसके प्रेमी की पिटाई कर दी। हो हल्ला मचने पर स्थानीय लोगों की भीड़ सरकारी अस्पताल में एकत्र हो गई। करीब एक घंटे बाद विवाहिता की हालत में सुधार आने पर हरियाणा पुलिस दोनों को लेकर रवाना हो गई।
दारोगा रामकुमार ने बताया कि हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया। शायद उसने बड़ी संख्या में नींद की गोलियां गटक ली थी।
वहीं स्थानीय मायापुर चौकी प्रभारी दुर्गेश चंद्र ने बताया कि हरियाणा पुलिस ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी।