प्यार में नाकामी पर महिला सिपाही ने जहर खाकर दे दी जान
- महिला का साथी सिपाही से प्रेम-प्रसंग होने की चर्चा
- प्रेमी सिपाही के दूसरी जगह शादी करने से थी निराश
- अधिकारियों से भी की थी शादी रुकवाने की सिफारिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रेम में विफल होने पर एक महिला कांस्टेबल ने सोमवार को जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। पुलिस विभाग के सूत्रों की माने तो महिला का एक साथी सिपाही के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
सिपाही की अगले कुछ दिनों में दूसरी जगह शादी होनी है। इसकी जानकारी होने पर महिला सिपाही ने आला अधिकारियों से मिलकर प्रेमी की शादी रुकवाने की सिफारिश भी की थी। पर इस दिशा में अधिकारियों के हाथ खड़े करने पर निराश महिला सिपाही ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
देहरादून जिले में तैनात एक महिला कांस्टेबल की साथी सिपाही से काफी समय से दोस्ती थी। धीरे-धीरे यह प्यार में बदल गई। दोनों ने शादी का फैसला भी कर लिया पर अचानक कुछ दिनों से सिपाही ने प्रेमिका से दूरियां बढ़ा ली। महिला कांस्टेबल लगातार उसे रिश्तों की दुहाई देती रही पर सिपाही की उसके प्रति बेरुखी जारी रही।
प्रेमी की शादी की खबर सुनी तो टूटते नजर आए सपने
इसी बीच महिला सिपाही को पता चला कि सिपाही की दूसरी जगह शादी तय हो गई है। इस पर महिला कांस्टेबल को अपने सपने टूटते नजर आए।
पहले तो प्रेमी पर शादी नहीं करने का दबाव बनाया, जब वह नहीं माना तो अधिकारियों से उसकी शादी रुकवाने के प्रयास किए। पूरा किस्सा सुनने के बाद किसी तरह की मदद नहीं की। इस बात से आहत महिला कांस्टेबल ने सोमवार को जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया।
गंभीर हालत में उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। समाचार लिखे जाने तक महिला सिपाही की ओर से किसी ने कोई तहरीर नहीं दी थी।