महिला ने आग और युवक ने फांसी लगाकर दी जान
कोटद्वार कोतवाली क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर महिला ने आग लगाकर और युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर मौत को गले लगा दिया। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। दोनों मामलों में पुलिस आत्महत्या की वजह पारिवारिक विवाद मान रही है।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह कौड़िया अंबेडकरनगर निवासी करुणा उर्फ तनु (29) पत्नी बृजमोहन ने अपने को कमरे में बंदकर आग लगा ली।
आसपास के लोगों ने दरवाजा तोड़कर आग बुझाकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक महिला बुरी तरह जल चुकी थी। करुणा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पड़ोसियों ने घटनाक्रम की सूचना पर पुलिस को दी।ॉ
जांच अधिकारी एसआई आनंद मेहरा ने बताया कि घटना के बाद से महिला का पति घर से फरार है। महिला का पति ठेली लगाने का काम करता है। महिला का मायका यहां गाड़ीघाट में है। महिला की एक बेटी और दो बेटे हैं। पुलिस के अनुसार पहले भी पति-पत्नी के बीच कई बार विवाद हो चुका है।
पत्नी से किया झगड़ा और लगा ली फांसी
उधर, शहर के जौनपुर मोहल्ले में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि वीरेंद्र कुमार (33) पुत्र जमुना प्रसाद निवासी संतनगर बौराड़ी दिल्ली कोटद्वार के जौनपुर मोहल्ले में किराए पर पत्नी और बच्चों के साथ रहता था। युवक यहां सब्जी की ठेली लगाता था।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2007 में उसकी शादी बबीता निवासी बछेली सतपुली से हुई। बबीता के भाई सुनील ने बताया कि बृहस्पतिवार को वीरेंद्र ने शराब पी और झगड़ने लगा। इसके बाद वह दूसरे कमरे में चला गया और बंद कर दिया। बबीता अपने दो बेटों के साथ दूसरे कमरे में सो गई।
सुबह आठ बजे तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो महिला ने अपने भाई सुनील को बुलाया और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने खिड़की से हाथ डालकर अंदर की कुंडी खोली। अंदर देखा तो वीरेंद्र का शव खिड़की के पास पर्दे से लटका हुआ था। एसआई विकास भारद्वाज ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का लग रहा है।