जेपी जोशी रेप मामला: अश्लील वीडियो प्रसारित करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रेप के मामले में नामजद उत्तराखंड के एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी को ब्लैकमेल करने के लिए बनाई गई अश्लील वीडियो को चैनल पर प्रसारित करने के आरोप में फरार दो आरोपियों को बसंत विहार पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया।
इनमें एक यूपी की एक वरिष्ठ आईपीएस का पति है तो दूसरा चैनल का संचालक बताया गया है। इन दोनों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। शुक्रवार को पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक नगर प्रदीप राय ने बताया कि आरोपी अवनि सिन्हा निवासी सेक्टर पांच द्वारिका, दिल्ली और आरिफ निवासी रमेश पार्क लक्ष्मीनगर, शकरपुर, दिल्ली हाल निवासी 130 सेक्टर नोएडा को गिरफ्तार किया गया है।
सिन्हा की पत्नी यूूपी कैडर की आईपीएस अधिकारी हैं और इन दिनों केंद्रीय पुलिस बल में तैनात हैं। इस प्रकरण को लेकर पति-पत्नी के रिश्तों में खटास आने की बात भी सामने आई है। राय ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसपी लोकेश्वर सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
उनको मुखबिर से खबर मिली थी कि अवनि सिन्हा केस की सुनवाई के लिए दून आया हुआ है। पुलिस को उनकी तलाश में लगाया गया। दोनों मोहंड से चकमा देकर तो निकल गए लेकिन पीछा कर उनकी कार को दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर मेट्रो स्टेशन के पास रोक लिया गया और पहचान पुख्ता होने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। एएसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि दोनों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था।
सीबीसीआईडी एएसपी ने की पूछताछ
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक दिल्ली के पांडवनगर थाने मेें एक महिला ने 22 नवंबर 2013 को उत्तराखंड के तत्कालीन अपर सचिव (गृह) जेपी जोशी पर बलात्कार का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसकी विवेचना देहरादून पुलिस को मिल गई थी। जेपी जोशी ने पलटवार करते हुए बसंत विहार थाने में महिला और उसके साथियों पर ब्लैकमेल कर धन की मांग किए जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
मामला गरमाया तो इस मामले की विवेचना पुलिस से लेकर सीबीसीआईडी के सुपुर्द कर दी गई। विवेचना में आया था कि नीरज चौहान, अमित गर्ग आदि ने मिलकर अपर गृह सचिव जोशी की नैनीताल में अश्लील वीडियो बनाई थी।
अश्लील वीडियो प्रसारित न करने के एवज में उनसे मोटी धनराशि की मांग की गई थी। आरोप है कि धनराशि न मिलने पर इस वीडियो को चैनल पर प्रसारित कर दिया गया था। आरोपी बनाए गए नीरज चौहान, अमित गर्ग, संजय बनर्जी आदि को उसी समय गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया था। सीबीसीआईडी को चैनल के एडीटर नवीन पांडेय, चेयरमैन जहीर, मैनेजिंग डायरेक्टर आरिफ और मार्केटिंग मैनेजर अवनि सिन्हा की तलाश थी।
आरोपी आरिफ और अवनि सिन्हा से सीबीसीआईडी की अपर पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने लंबी पूछताछ की। वे ही इस मामले की विवेचना कर रही हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में आरिफ और अवनि की गिरफ्तारी के बाद चेयरमैन जहीर और एडिटर नवीन पांडेय की गिरफ्तारी शेष रह गई है। इन दोनों के खिलाफ भी अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी कर रखे हैं। उनकी गिरफ्तारी के भी प्रयास किए जा रहे हैं।