गला रेतकर की हत्या फिर नदी में डाल दी लाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के ऋषिकेश में एक युवक की नग्न लाश चंद्रभागा नदी के किनारे पत्थरों में फंसी मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है।
पुलिस आशंका जता रही है घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारों ने शव नदी में फेंक दिया, जो बहकर यहां पहुंच गया। परिजनों द्वारा शिनाख्त करने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए दून भेज दिया है।
मंगलवार सुबह ढालवाला क्षेत्र में स्थित चंद्रभागा पुल से करीब सौ मीटर आगे नदी किनारे ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र में शव फंसे होने की खबर मिली। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल से शव को अपने कब्जे में ले लिया।
युवक का शव नग्नावस्था में पड़ा था। शरीर पर कपड़े के नाम पर सिर्फ अंडरवियर था। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
धारदार हथियार से रेता गया गला
उपनिरीक्षक अनिल चौहान ने बताया कि मृतक की शिनाख्त संजय कोहली (27) पुत्र स्व. धन सिंह निवासी वार्ड नंबर चार, निकट पानी की टंकी, ढालवाला के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक युवक की हत्या किसी धारधार हथियार से गला रेतकर की गई है। गले में गहरा जख्म मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति ओर स्पष्ट हो सकेगी।
परिजनो से झगड़कर निकला था
ढालवाला चौकी इंचार्ज मनोज नेगी ने बताया कि संजय नशे का आदी था। पेशे से चालक था। मूड आने पर ही ट्रक चलाता था। अधिकतर समय खाली रहता था। अक्सर पैसा मांगने को लेकर उसका परिजनों से विवाद होता था।
घर पर मां प्रेमा देवी और 19 वर्षीय भाई राकेश है। पिता का करीब डेढ़ साल पहले निधन हो चुका है। बताया कि रविवार रात संजय परिजनों से झगड़ाकर घर से निकला था, उसके बाद वापस नहीं लौटा।
कई सवाल, जिनके नहीं मिले जवाब
संजय कोहली रविवार रात जब घर से गया था, उसने कपड़े पहन रखे थे। शव मिला तो शरीर से कपड़े गायब थे। पुलिस शव एक दिन पुराना बता रही है। चंद्रभागा नदी में नहाने के साक्ष्य भी नजर नहीं आ रहे। यदि नहाता तो कपड़े किनारे जरूर मिलते।
नदी भी उफान पर नहीं है कि डूबने की घटना हो। बहरहाल घर से भागने के बाद कहां गया, कपड़े कहां है, हत्या की वजह क्या रही होगी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस गुत्थी सुलझाने का प्रयास कर रही है।
मामले में नहीं दी तहरीर
पुलिस ने बताया कि मामले में परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिर भी पुलिस ने अपने स्तर से छानबीन शुरू कर दी है। मामले में विभिन्न बिंदुओ पुरानी रंजिश, संबंधों, पारिवारिक विवाद आदि पर जांच की जाएगी।