मालिक ने बकाया नहीं दिया तो घर में डाला डाका
मसूरी में मालिक द्वारा बकाया पैसा न दिए जाने से गुस्साए नौकर ने मालिक के घर में डाका डाल दिया।
उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष और उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद सलाहकार समिति के सदस्य संदीप साहनी के समर हाउस स्थित निवास में चोरी और तोड़फोड़ करने वाले नेपाली युवक को पुलिस ने 12 कैंची मार्ग से गिरफ्तार किया और विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
पुलिस को 24 घंटे में यह कामयाबी मिली। कालीकोट, नेपाल निवासी सुल्तान बहादुर (24) पुत्र किशन बहादुर ने पुलिस को बताया दस वर्ष पहले वह संदीप साहनी के घर में नौकरी करता था।
मजदूरी के 2600 रुपए बकाये का बदला लेने के लिए वह बीती रात शराब के नशे में धुत होकर साहनी के पुराने घर में घुस गया।
साहनी आजकल नए घर में शिफ्ट हो गए हैं। घटना के वक्त वे सपरिवार एक होटल के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेने कैंपटी गए थे। घर में रहने वाला नौकर भी घटना के वक्त किसी काम से बाहर गया था।
मुकदमा दर्ज करके आरोपी को भेजा जेल
आरोपी युवक ने घर में तोड़फोड़ की। घर से बाहर निकलते वक्त आसपास कुछ लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह भाग निकला।
आरोपी के हाथ से खून बह रहा था। घर में जगह-जगह खून के निशान थे। पुलिस ने आरोपी युवक से एक घड़ी, चांदी के सिक्के, कुछ नकदी और चाकू बरामद किया। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करके आरोपी युवक को जेल भेज दिया।
आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 2500 रुपए नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। टीम में प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह नेगी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह खोलिया, उप निरीक्षक दिनेश कुमार, देवेंद्र सिंह पंवार, मोहम्मद इरशाद, गिरवर सिंह, संजय कुमार, भगवती पाठक, सतेंद्र नेगी शामिल थे।
लगेंगे सीसीटीवी
नगर में बढ़ती चोरी और अन्य आपराधिक वारदातों को दृष्टिगत रखते हुए पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने कहा कि पूरे शहर में जगह-जगह सीसीटीवी लगाए जाएंगे। लाउड स्पीकर भी लगाए जाएंगे।
गुस्से में होटल व्यापारी, थाने तक निकाला जुलूस
होटल स्वामी संदीप साहनी के घर हुई घटना को लेकर शहरवासियों में आक्रोश बना है। होटल एसोसिएशन और व्यापार संघ ने आपात बैठक कर घटना की निंदा की। आक्रोशित लोगों ने ग्रीन चौक से थाने तक पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर जुलूस निकाला। थाने में कोतवाल का घेराव किया।
घेराव से कुछ समय पहले ही पुलिस आरोपी युवक को गिरफ्तार कर चुकी थी। प्रदर्शन करने वालों में पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, व्यापार संघ अध्यक्ष रजत अग्रवाल, संजय गुप्ता, अजय भार्गव, धनप्रकाश गोयल, संदीप गोयल, वीरेंद्र रावत, राम कुमार गोयल, सुनील पंवार, जावेद खान शामिल थे।
होटल व्यवसायियों ने कोतवाल से पटरी व्यापारी, भुट्टा अंडा बेचने वाले, मलिन बस्ती और मजदूरी करने वालों का वैरिफिकेशन करने को कहा।
बढ़ती आपराधिक घटनाओं से गृह सचिव चिंतित
पर्यटन नगरी में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर गृह सचिव एमएच खान ने चिंता व्यक्त की। कहा इस प्रकार की घटनाएं रोकने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाएगी। डीजीपी से विस्तृत वार्ता करेंगे। उन्होंने शहर कोतवाल को गश्त बढ़ाने और अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।