हैवानों ने काट डाला युवक-युवती का अंग-अंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उधमसिंह नगर के नानकसागर डैम में सिर, हाथ और पैर कटी युवक-युवती की लाशों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्यारों की हैवानियत का पता चला है।
रिपोर्ट के मुताबिक युवक-युवती की सिर और हाथ-पैर काटने से उनकी मौत हुई। इससे पहले उन्हें काफी यातनाएं दी गईं। तड़पा-तड़पा कर उनकी जान निकाली गई। गला घोंटने से फिर आसान मौत होती, लेकिन हत्यारों ने राक्षसी तरीके से उन्हें धारदार हथियारों से अंग-अंग काट-काटकर मौत के घाट उतारा।
यहां तक कि गुप्तांग भी कटा। हत्या में करीब तीन-चार लोग शामिल रहे होंगे। तालिबानी ही अब तक ऐसी बर्बरता दिखाते आए हैं। दोनों सिरों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट गुरुवार को आएगी। गुरुवार को ही युवक-युवती के स्केच जारी किए जाएंगे।
फिलहाल पुलिस के हाथ खाली
इस मामले में तीसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली हैं। सोमवार को नानकसागर डैम से मिली सिर, हाथ-पैर कटी लाशें मिली थीं। मंगलवार शाम 3:50 बजे शव विच्छेदन गृह खटीमा के तीन सदस्यीय डॉक्टरों के पैनल ने रिपोर्ट जारी की।
बुधवार को नानकमत्ता थाने पहुंची पोस्टमार्टम रिपोर्ट का खुलासा करते हुए बताया गया कि हत्या रिपोर्ट जारी होने से करीब चार दिन पहले की गई है। हत्या से पूर्व दोनों को यातनाएं दी गईं। युवक की उम्र 25 से 30 वर्ष और युवती की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच है।
युवक की लंबाई 5 फीट 8 इंच और युवती की लंबाई 5 फीट 5 इंच है। युवक का रंग गेहुंआ और युवती का रंग गोरा है। रिपोर्ट के अनुसार युवती गर्भवती नहीं थी। युवक के शरीर को पीठ के हिस्से से जलाने की कोशिश की गई। इसके अलावा दोनों के धड़ से सिर, हाथ, पैर काटने में किसी तेज धारदार हथियार के इस्तेमाल की आशंका जताई गई है।
दोनों सिरों का हुआ पोस्टमार्टम
रिपोर्ट के मुताबिक दोनों की मौत उनके शरीर के अंग काटने से हुई है। इधर, पुलिस की अलग-अलग टीमें मृतकों की शिनाख्त के लिए फैक्ट्रियों में श्रमिकों और गांवों में किसानों के घरों पर लोगों से पूछताछ कर रही हैं।
बेरहमी से कत्ल किए गए युवक युवती के सिरों का बुधवार को दो चिकित्सकों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। डीएनए टेस्ट के लिए हड्डी, बाल एवं नाखून के नमूने रखे गए हैं।
मृतकों के जारी होंगे स्केच
नानकसागर डैम में मिली सिर कटी युवक-युवती की लाशों की शिनाख्त के लिए पुलिस के आला अफसरों के पास नैनीताल और पीलीभीत जिले से तमाम लोगों के फोन आ रहे हैं। वहीं, नानकमत्ता थाने में बागपत और पीलीभीत के लोगों ने पुलिस से संपर्क कर मृतक युवक की जानकारी ली।
जारी होंगे युवक-युवती के स्कैच
पुलिस के अनुसार गुरुवार को युवक-युवती के स्केच जारी किए जाएंगे, जिससे शिनाख्त में आसानी हो सके। बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि अमर उजाला द्वारा प्रकाशित किए गए मोबाइल नंबरों पर नैनीताल और पीलीभीत जनपद के तमाम लोगों ने संपर्क किया है।
एसएसपी ने बताया कि गुरुवार को मृतक युवक-युवती के स्केच जारी किए जाएंगे। जिसमें उनका पूरा हुलिया अंकित होगा। ताकि शिनाख्त में कामयाबी मिल सके। उन्होंने कहा कि ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा शिनाख्त के बाद ही आसानी से हो सकेगा।
थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि बागपत और पीलीभीत से दो युवकों के परिजनों ने नानकमत्ता थाने पहुंचकर मृत युवक की जानकारी ली। लेकिन, युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई।
उन्होंने बताया कि लालकुआं से युवक-युवती की फरार की सूचना पर पुलिस कर्मियों ने उनके घर पहुंचकर परिजनों को मृतकों के फोटो दिखाए। लेकिन, दोनों की शिनाख्त नहीं हुई।