कलयुगी मां: दो बेटियों को गंगा में फेंका, मंजर देखकर भागा बेटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरकी पैड़ी पर एक महिला ने अपने दो बच्चियों को गंगा में फेंक दिया, लेकिन तीसरा बच्चा भाग निकला। वहां मौजूद लोगों ने बच्चियों को गंगा से सकुशल निकाल लिया। लोगों ने महिला और उसके तीनों बच्चों को पुलिस को सौंप दिया। महिला ने अपने नाम पता नहीं बताया। महिला की भाषा भी समझ में नहीं आ रही है।
पुलिस का कहना है कि महिला गुजरात की रहने वाली लग रही है। कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह नेगी ने महिला और उसके बच्चों को राजस्थान के एक सेवा संस्थान भेजने का इंतजाम कराया है।
बुधवार तड़के करीब 35 वर्षीय महिला तीन बच्चों के साथ हरकी पैड़ी पहुंची। तीन बच्चों में डेढ़ व तीन साल की दो बेटियां और बेटा पांच साल साथ में थे। बताया जा रहा है कि महिला ने देखते ही देखते पहले एक बच्ची को गंगा में फेंका और तुरंत दूसरी बच्ची को फेंक दिया। गंगा में अपनी बहनों को फेंकते देख बेटा भाग गया।
मौजूद लोगों ने बच्चियों को गंगा से निकाल लिया
वहीं पर मौजूद गंगा स्नान कर रहे लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दो बच्चियों को गंगा से निकाल लिया। मालूम हो कि इस समय घाट पर पानी भी कम है। यह देखकर घाट पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और तीन बच्चों सहित महिला को नगर कोतवाली ले आई।
कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि तीनों बच्चे ठीक है, लेकिन महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। कभी महिला अपना नाम अनीता बताती है तो कभी सुनीता। बताया कि उसकी भाषा से लगता है कि वह गुजरात की है। उन्होंने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक न होने पर उसके बच्चों को भरतपुर राजस्थान भेजा जाएगा।