गर्दन पर चाकू रखकर नाबालिग छात्रों ने मांगी रंगदारी, करना चाहते थे मौज-मस्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौज-मस्ती और जरूरतों को पूरा करने के लिए रंगदारी करने का मामला सामने आया है। इसमें छह नाबालिग छात्र अपने एक साथी को डरा-धमकाकर लंबे समय से रकम वसूल रहे थे। अपने साथियों की मांग को पूरा करने के लिए पीड़ित बच्चा अपने घर से नकदी चोरी करने को भी मजबूर हुआ।
वाकये का पता चलने पर परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने वसूली करने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को थाने में तलब किया।
पीड़ित बच्चे का कहना है कि एक बार तो वसूली करने वाले बच्चों ने उसकी गर्दन पर चाकू भी रख दिया। ये बच्चे मन-माफिक रुपये न देने पर उसे (पीड़ित बच्चे) और उनके मम्मी-पापा को भी जान से मारने की बात कहते थे।
यहां जानिए, पूरा मामला
चंपावत जनपद के लोहाघाट में आदर्श कालोनी मोहल्ले में रहने वाले एक नाबालिग को नगर और ग्रामीण क्षेत्र के छह नाबालिग बच्चे पिछले करीब छह माह से प्रताड़ित कर रहे थे। उससे रोज रुपये की मांग करते थे। पीड़ित बच्चे के परिजनों ने बताया कि इस दौरान इन बच्चों ने उनके बेटे को डरा-धमकाकर करीब 30 हजार रुपये वसूल लिए।
बताया गया कि इस डर से बच्चा घर से रुपये चोरी करने को भी मजबूर हुआ। बच्चे ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
थानाध्यक्ष मीनाक्षी नौटियाल का कहना है कि आरोपी नाबालिग बच्चों और उनके अभिभावकों को थाने में बुलाया गया। पीड़ित बच्चे के पिता ने आरोपी बच्चों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई। एसओ का कहना है कि बच्चों और उनके अभिभावकों द्वारा भविष्य में इस प्रकार के काम न करने का लिखित भरोसा देने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।