मैं जिंदगी से तंग आ गया हूं... लिखकर खत्म कर ली जिंदगी
मैं जिंदगी से तंग आकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर रहा हूं...., मेरी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं... सुसाइड नोट में यह शब्द लिखकर एक अधेड़ ने खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रख दिया है। बृहस्पतिवार को लाश का पोस्टमार्टम होगा।
ऋषिकेश की श्यामपुर चौकी पुलिस के मुताबिक खदरी श्यामपुर निवासी चिंतामणि पेटवाल (45) पुत्र स्व. रामेश्वर प्रसाद का शव बुधवार दोपहर कमरे में पंखे के सहारे रस्सी से लटका मिला। वह घर पर अकेले रहते थे। पत्नी से तलाक हो चुका था और माता-पिता का पूर्व में निधन हो चुका है।
हालचाल लेने भांजी पहुंची तो कमरे में लटकी थी लाश
घटना का पता उस वक्त चला जब दोपहर कुछ दूरी पर स्थित मोटा प्लाट में रहने वाली भांजी उसका हालचाल लेने घर आई। कमरे में मामा का शव लटका देख वह चीख पड़ी। जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी। चौकी इंचार्ज आशीष गुसाईं ने बताया कि छानबीन करने पर कमरे से सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें लिखा है कि जिंदगी से तंग आकर खुदकुशी कर रहा हूं। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि चिंतामणि बीते लंबे समय से अकेले रह रहे थे। पड़ोस में रहने वाली बहन उनकी देखभाल करती थी।