तांत्रिक के जाल में फंसी फौजी की पत्नी, गंवाए 29 लाख
- मकान में सोना गड़ा होने का दिया था झांसा
- घर में एक साल तक चला तंत्र-मंत्र और खुदाई का प्रपंच
- आर्थिक संकट गहराने पर परिवार को बेचना पड़ मकान
- एसएसपी ने दिए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फौजी की पत्नी को घर में सोने से भरे घड़े होने का झांसा देकर तांत्रिक ने 29 लाख रुपये ठग लिए। तांत्रिक एक साल तंत्रमंत्र के अलावा खुदाई का प्रपंच करता रहा। खुदाई के दौरान महिला को दो घड़े भी दिखाए गए, जिन पर नाग लिपटे हुए थे। सब कुछ लुटने के बाद आंख खुली तो परिवार को इज्जत बचाने के लिए मकान को बेचना पड़ा। शुक्रवार को मामला संज्ञान में आने के बाद एसएसपी ने एसओजी को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
डोईवाला क्षेत्र निवासी फौजी की पत्नी ने शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. सदानंद दाते से मिलकर ठगी की पूरा दास्तां सुनाई। पुलिस की मानें तो करीब एक साल पहले एक तांत्रिक ने महिला को झांसा दिया कि उनके घर में खजाना दबा है। यदि वह बलि या धन खर्च करे तो सोने से भरा घड़ों का यह खजाना उसे मिल सकता है।
फौजी की पत्नी लालच में आ गई। बेटियों और बेटे को विश्वास में लेकर घर पर तंत्र-मंत्र शुरू करा दिया। रातों-रात घर में खुदाई चलती रही। विश्वास जमाने के बाद तांत्रिक ने साथियों की मदद से महिला से धन ऐंठना शुरू कर दिया। फौजी की पत्नी लालच में उन पर रकम लुटाती चली गई। एक दिन खुदाई के दौरान दो घडे़ भी दिखा दिए गए।
घड़ों पर दो नाग भी बैठे नजर आए। बाद में तांत्रिक उन दोनों सांपों को पकड़कर ले गए। परिवार से कहा गया कि पूरी प्रक्रिया होने तक यह खजाना नहीं मिल सकता। इसलिए घड़ों में क्या है, उन्हें पता नहीं चल सका।
जब 29 लाख ठगाने के बाद हुआ अहसास
फौजी परिवार को जब तक ठगी का अहसास हुआ, तब तक करीब 29 लाख रुपये की चपत लग चुकी थी। अपनी जमा पूंजी के अलावा तांत्रिक को देने के लिए महिला ने ब्याज पर रकम जुटाई थी। आर्थिक संकट गहराया तो परिवार को औने-पौने दाम में मकान बेचना पड़ा। इज्जत बचाने के लिए परिवार काफी दिन तक चुप्पी साधे रहा।
एसएसपी ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए एसओजी और पीआरओ की संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि तांत्रिक और उनके साथियों के नाम मिल गए हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
फौजी को नहीं लगने दी भनक
बाहर ड्यूटी पर तैनात फौजी को इस खेल की भनक तक नहीं लगने दी गई। जब कभी फौजी छुट्टी पर आया तो तांत्रिकों को नहीं बुलाया गया। महिला ने एसएसपी को बताया कि 29 लाख रुपये गंवाने के बाद पति को इसकी जानकारी दी गई।