हरिद्वार बना जंग का मैदान, डेढ़ घंटे तक चला तांडव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार शहर का ऋषिकुल मैदान बुधवार को जंग का मैदान बना रहा। ऑटो रिक्शा, टैंपो, विक्रम चालकों और यूनियन के कर्ताधर्ताओं के बीच जमकर लाठी-डंडे चले।
अभद्र भाषा के इस्तेमाल से गुस्साए आटो चालकों ने महासंघ अध्यक्ष और उसके साथियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। अध्यक्ष पक्ष के लोगों ने भी दूसरे पक्ष के कई सदस्यों की धुनाई की। मारपीट में कई के सिर फूटे। जबकि भगदड़ में करीब 20 लोग घायल हो गए।
अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर भड़का मामला
बैटरी रिक्शा के विरोध में ऑटो-रिक्शा, टैंपो, विक्रम यूनियनों ने हड़ताल का ऐलान किया था। ऋषिकुल मैदान में सुबह आठ बजे से हड़ताली चालक एकत्रित हो गए।
करीब दस बजे ऑटो-रिक्शा-विक्रम टेंपो महासंघ के अध्यक्ष और पूर्व सांसद के प्रतिनिधि सत्यनारायण शर्मा भाषण दे रहे थे। आरोप है उन्होंने ऑटो चालकों के लिए मंच से अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर दिया।
इससे गुस्साए ऑटो चालकों ने सत्यनारायण शर्मा को मंच से नीचे उतार दिया और जाने को कहा। इतने में एक व्यक्ति ने चालकों की ओर डंडा लहरा दिया। डंडा एक चालक को लगा तो वहां मौजूद सैकड़ों चालक भड़क गए।
डेढ़ घंटे तक चलते रहे लाठी-डंडे
चालकों ने डंडा चलाने वाले व्यक्ति को धर दबोचा और उसकी पिटाई कर दी। चालकों ने अपने ही महासंघ के अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा और उसके साथ आए अन्य लोगों को भी धुन दिया। सभी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू किया।
दूसरे पक्ष की ओर से भी कई लोगों ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों पक्षों में पथराव भी हुआ। जिसमें कई लोग घायल हो गए। करीब डेढ़ घंटा ऋषिकुल मैदान में बवाल मचता रहा।
सूचना के करीब आधे घंटे बाद एसपी सिटी एसपी पंवार, सीओ सिटी चंद्रमोहन सिंह, सीओ सदर राजेश भट्ट पुलिसबल के साथ मैदान पहुंचे और लाठी फटकार कर भीड़ को तितर-बितर किया। एसपी सिटी का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की खबर मिलते ही भाग निकले चालक
पुलिस और पीएसी आने की सूचना पर सभी चालक भाग निकले। मात्र दो मिनट में पूरा मैदान खाली हो गया। पुलिस पहुंचने पर चालक ऑटो लेकर फिर मैदान पहुंच गए और अधिकारियों के सामने समस्याएं रख आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पंचपुरी ऑटो रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष रविदत्त पप्पी, ऋषिकुल यूनियन के उपप्रधान काका कश्यप, दीपक अरोड़ा सहित अन्य यूनियन पदाधिकारियों ने मांगों को लेकर सीओ सिटी को ज्ञापन सौंपा। झगड़े के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
तीन ने मेडिकल कराया
एक पक्ष से काका कश्यप निवासी विकास कालोनी का और दूसरे पक्ष से जगदीश भारद्वाज निवासी लालकुंआ कनखल एवं विष्णु निवासी कैलाश गली खड़खड़ी का मेडिकल कराया गया। झगड़े की आशंका को लेकर अस्पताल में भारी पुलिस तैनात रही।